मानसून सत्र का चौथा दिन, लोकसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित

संसद का मानसून सत्र सोमवार 21 जुलाई 2025 को शुरू हुआ. आज यानी गुरुवार 24 जुलाई को सत्र का चौथा दिन है. कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और सांसद सोनिया गांधी बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए संसद पहुंचीं. विपक्ष के लगातार हंगामे और नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
बता दें कि सत्र के पहले तीन दिन हंगामे की भेंट चढ़ गए. बुधवार को लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी दलों ने बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) यानी मतदाता सूची के विशेष संशोधन अभियान को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. नारेबाजी और प्लेकार्ड लहराते हुए विपक्षी सांसद दोनों सदनों के वेल में पहुंचे, जिससे दोपहर बाद की कार्यवाही पूरी तरह ठप हो गई.
लगातार हंगामे से खिन्न लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि कुछ सदस्य संसद को गली छाप जैसा व्यवहार दिखाने का मंच बना रहे हैं. उन्होंने सांसदों से आत्ममंथन करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में बहस की संस्कृति होनी चाहिए, न कि बाधा डालने की. राज्यसभा में भी विपक्ष के विरोध के चलते तीन बार कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी. सुबह 11 बजे बैठक शुरू होने के बाद थोड़ी ही देर में पहली बार स्थगन हुआ, फिर दोपहर 12 बजे दोबारा. तीसरी बार 2 बजे जब सदन की कार्यवाही शुरू हुई, तो कुछ ही मिनटों में उसे दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया. इससे पहले, सदन में ‘कैरेज ऑफ गुड्स बाय सी बिल, 2025’ पर बहस शुरू हुई थी. शिपिंग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि यह विधेयक 100 साल पुराने कानून की जगह लेगा और समुद्री माल परिवहन से जुड़े दायित्व, अधिकार और सुरक्षा को परिभाषित करेगा.
मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार को हुई थी और अब तक तीनों दिन संसद में कोई ठोस कामकाज नहीं हो सका है. राज्यसभा केवल ‘बिल्स ऑफ लैडिंग बिल’ पारित कर पाई है, बाकी महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा या पारित नहीं हो सका है. अब देखना यह होगा कि गुरुवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कोई समझ बनती है या सत्र का अगला दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ता है.





