महाकुंभ में अंबानी परिवार की चार पीढ़ियों ने लगाई पवित्र डुबकी

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने अपने परिवार के साथ मंगलवार को प्रयागराज में महाकुंभ के त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई. मुकेश अंबानी के साथ उनकी मां कोकिलाबेन, बेटे आकाश और अनंत, पुत्रवधू श्लोका और राधिका, पोते पृथ्वी और वेद, और बहनें दीप्ति सालगांवकर और नीना कोठारी भी शामिल थीं. परिवार के साथ मुकेश अंबानी की सास पूनमबेन दलाल और साली ममताबेन दलाल भी थीं. अंबानी परिवार की चार पीढ़ियां लाखों लोगों के साथ गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती के पवित्र जल के संगम पर आध्यात्मिक तीर्थयात्रा पर शामिल हुईं.
निरंजनी अखाड़े के स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज ने गंगा पूजन किया. पूजन के बाद मुकेश अंबानी ने परमार्थ निकेतन आश्रम के स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज से मुलाकात की. आश्रम में अंबानी परिवार ने मिठाइयां और लाइफ जैकेट बांटी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (मंत्रिमंडल सहित) जैसे प्रमुख लोगों ने संगम में डुबकी लगाई.
पौष पूर्णिमा (13 जनवरी, 2025) से शुरू हुआ महाकुंभ 2025 दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम है, जिसमें दुनिया भर से श्रद्धालु आते हैं. यह भव्य आयोजन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि तक जारी रहेगा.





