भारत

पहला चरण: 18 जिलों की 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान, 1314 उम्मीदवार मैदान में

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार शाम थम गया. अब 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान होना है. इस चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिलों के मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे.
पहले चरण में कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें कई हाई-प्रोफाइल चेहरे और चर्चित सीटें शामिल हैं.

नीतीश कैबिनेट के 16 मंत्रियों की साख दांव पर

इस चरण में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल के 16 मंत्री चुनाव मैदान में हैं — जिनमें 11 भाजपा और 5 जेडीयू कोटे के मंत्री शामिल हैं.
भाजपा की ओर से प्रमुख नामों में मंगल पांडे (सीवान), नितिन नवीन (बांकीपुर), सम्राट चौधरी (तारापुर), विजय कुमार सिन्हा (लखीसराय), जीवेश मिश्रा (जाले), संजय सरावगी (दरभंगा शहरी) और सुनील कुमार (बिहारशरीफ) हैं.
वहीं जेडीयू की तरफ से विजय कुमार चौधरी (सराय रंजन), श्रवण कुमार (नालंदा), मदन सहनी (बहादुरपुर) और महेश्वर हजारी (कल्याणपुर) समेत अन्य मंत्री चुनावी मैदान में हैं.

पहले चरण की 10 वीआईपी सीटें

तारापुर: उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस सीट से मैदान में हैं. उनकी सीधी टक्कर आरजेडी के अरुण कुमार साह से मानी जा रही है. वहीं, जन सुराज के संतोष कुमार सिंह और जनशक्ति जनता दल के सुखदेव यादव भी मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं.

राघोपुर: आरजेडी की परंपरागत सीट मानी जाने वाली राघोपुर से इस बार भी तेजस्वी यादव तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने 2015 और 2020 दोनों चुनावों में भाजपा के सतीश कुमार को हराया था. इस बार एनडीए ने सतीश यादव को मैदान में उतारा है, जबकि जन सुराज से चंचल कुमार भी मुकाबले में हैं.

मोकामा: यहां का चुनाव हत्या और गिरफ्तारी के मामलों से सुर्खियों में है. जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या और जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने इस सीट को चर्चा में ला दिया है. अब मुकाबला बाहुबलियों का हो गया है — आरजेडी की ओर से वीणा देवी (सूरजभान सिंह की पत्नी) अनंत सिंह को चुनौती दे रही हैं.

अलीनगर: इस सीट पर भाजपा ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को उतारा है. उनका मुकाबला आरजेडी के विनोद मिश्रा से है. यह ठाकुर का पहला चुनाव है और पार्टी उनकी लोकप्रियता को वोट में बदलने की कोशिश में है.

छपरा: भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव आरजेडी टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. उनका मुकाबला भाजपा की छोटी कुमारी से है, जबकि निर्दलीय राखी गुप्ता भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में हैं.

लखीसराय: उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लगातार 2010 से इस सीट पर जीतते आए हैं. 2020 में उन्होंने कांग्रेस के अमरेश कुमार को हराया था, जो इस बार फिर मैदान में हैं.

महुआ: पार्टी से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव इस बार महुआ से स्वतंत्र रूप से मैदान में हैं. यहां उनकी सीधी टक्कर आरजेडी के मुकेश रोशन से है, जबकि एनडीए की ओर से एलजेपी के संजय कुमार सिंह ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है.

बेगूसराय: कभी वामपंथ का गढ़ रही यह सीट अब भाजपा का गढ़ बन चुकी है. इस बार भाजपा के कुंदन कुमार का सामना कांग्रेस की अमिता भूषण से है. मंडल युग के बाद यहां की राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है.

बांकीपुर: पटना की इस शहरी सीट से भाजपा के नितिन नवीन लगातार जीत दर्ज करते आ रहे हैं. पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है. आरजेडी की ओर से रेखा गुप्ता उन्हें चुनौती दे रही हैं.

दरभंगा शहरी: मिथिलांचल की इस अहम सीट से भाजपा के मंत्री संजय सरावगी चुनावी मैदान में हैं. जन सुराज ने यहां पूर्व आईपीएस आरके मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि मुकेश सहनी की पार्टी ने उमेश सहनी को मैदान में उतारा है.

6 नवंबर को होने वाला यह पहला चरण बिहार की राजनीति के कई बड़े नेताओं और मंत्रियों के लिए अग्निपरीक्षा’ साबित होगा. सभी दलों की नजर इन वीआईपी सीटों पर टिकी है, जहां मुकाबले न सिर्फ रोचक बल्कि राज्य की सत्ता की दिशा तय करने वाले साबित हो सकते हैं.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button