NM वेरिफाइडताज़ा खबरें
फैक्ट चेक: पुराना है यूपी में दरोगा को थप्पड़ मारने वाले शख्स का यह वीडियो, जानें पूरा सच

सोशल मीडिया पर के वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में कुछ लोग एक पुलिस दरोगा को घेरकर खड़े हुए हैं। इसी बीच एक व्यक्ति दरोगा पर चिल्लाकर उसपर थप्पड़ जड़ते हुए नजर आ रहा है। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के बावजूद हाल ही में एक व्यक्ति ने सारे आम एक पुलिस अधिकारी को थप्पड़ जड़ते हुए नजर आ रहा है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “वीडियो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का जहां योगी जी हमेशा विराजमान रहते हैं, यह लड़का किसी IPS या किसी जज का लड़का था जिसने सरेआम एक दरोगा को थप्पड़ मरते हुए बार-बार पीटा और कहा पुलिस गिरी करता है। भाजपा में दबंगों का ही बोलबाला है गरीबों को तो पुलिस लात मार के अंदर कर देती है।”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को देखने पर हमें इसके पुराने होने की आशंका हुई। जिसके बाद हमने अपनी पड़ताल की सबसे पहले हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल लेंस के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो आज तक की वेबसाइट पर दिसंबर 03, 2021 को प्रकाशित एक लेखमें वायरल वीडियो से मेल खाती एक तस्वीर मिली।

यहाँ जानकारी दी गयी है कि पीलीभीत में तैनात विनोद कुमार अल्पसंख्यक आयोग से जुड़े एक मामले के कागज लेकर लखनऊ आए थे। वह गुरुवार देर रात आठ नंबर चौराहा के पुल से उतर रहे थे कि तभी एक बाइक सवार युवक सामने आ गया था। उस युवक को बचाने के चक्कर में दरोगा विनोद कुमार की कार बेकाबू होकर पास के एक होटल के बाहर खड़ी गाड़ी से टकरा गई थी। हादसे में दरोगा और दूसरे पक्ष की कार भी क्षतिग्रस्त हुई थी। बताया गया कि उस समय होटल में प्रियांक माथुर नाम के युवक के शादी का रिसेप्शन चल रहा था। गाड़ियों के टकराने की आवाज सुनकर होटल में मौजूद प्रियांक के रिश्तेदार व अन्य लोग बाहर आए। साथ ही प्रियांक भी बाहर आ गया। बाहर का नजारा व कार की हालत देखकर सभी दरोगा पर हमलावर हो गए। जिसके बाद दरोगा विनोद कुमार को घेर कर पीटना शुरू कर दिया। दूल्हे और उसके रिश्तेदारों ने सरे आम दरोगा को थप्पड़ जड़ें साथ ही उसके वर्दी पर लगे सितारे भी नोच डाले। लेख में दी गयी जानकारी के अनुसार प्रियांक माथुर दिल्ली में अधिवक्ता हैं।
उपरोक्त मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना साल 2021 के दौरान की है। उपरोक्त प्राप्त जानकारी की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू कर दिया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो का एक कीफ्रेम जनसत्ता की वेबसाइट पर दिसंबर 03, 2021 को प्रकाशित लेख में भी मिला। यहाँ भी जानकारी दी गयी है कि वायरल घटना साल 2021 के दौरान की है, जहां दिल्ली में अधिवक्ता प्रियांक माथुर ने पीलीभीत में तैनात दरोगा विनोद कुमार को थप्पड़ जड़े थे।

पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो वाली घटना हालिया दिनों की नहीं बल्कि साल 2021 के दौरान की है, जिसे हालिया दिनों में शेयर किया जा रहा है।





