NM वेरिफाइडताज़ा खबरें

फैक्ट चेक: वायरल तस्वीर में पंजाब सीएम के साथ खड़ा शख्स नहीं है गायक सिद्धू मूसेवाला का हत्यारोपी गोल्डी बराड़, जाने पूरा सच

फैक्ट चेक: वायरल तस्वीर में पंजाब सीएम के साथ खड़ा शख्स नहीं है गायक सिद्धू मूसेवाला का हत्यारोपी गोल्डी बराड़, जाने पूरा सच

 

मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जहां एक शख्स को पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ खड़े हुए देखा जा सकता है। इसी तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सीएम मान के साथ खड़ा शख्स गायक सिद्धू मूसेवाला का हत्यारोपी गोल्डी बराड़ है।

फेसबुक पर वायरल इस तस्वीर को शेयर कर कैप्शन में लिखा गया है कि,’ भगवंत मान के साथ Goldy Brar सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी इसी ने ली है।’  

 

फेसबुक के वायरल लिंक को यहाँ देखें।

दरअसल, 29 मई 2022 रविवार को पंजाब के मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के मानसा में अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी हत्या के थोड़ी देर बाद ही ख़बर आई कि मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी कनाडा स्थित गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली है। इसी के बाद से सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर उक्त दावे के साथ शेयर की जा रही है।

फैक्ट चेक: 

 

न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में पता चला कि वायरल तस्वीर में दिख रहा शख्स पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का हत्यारोपी गोल्डी बराड़ नहीं है।

क्या वाकई वायरल तस्वीर में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ दिख रहा शख्स गायक सिद्धू मूसेवाला का हत्यारोपी गोल्डी बराड़ है? इस बात की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले आरोपी गोल्डी बरार की तस्वीर खंगालना शुरू किया। इसके बाद हमें NDTV की वेबसाइट पर छपा एक लेख मिला, जहां सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले आरोपी गोल्डी बरार की तस्वीर प्रकाशित की गयी है।

 

NDTV की वेबसाइट पर मिली इस तस्वीर को हमने वायरल तस्वीर वाले शख्स के साथ तुलना की। तुलना करने पर हमने पाया कि वायरल तस्वीर वाले शख्स का हुलिया खबरों में बताए जा रहे मूसेवाला के हत्यारोपी गोल्डी बरार से खाफी अलग है।

इसलिए वायरल तस्वीर में दिख रहे शख्स की अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने गूगल पर कुछ संबंधित कीवर्ड्स से खोजना शुरू किया। जिसके बाद हमें मामले से संबंधित आजतक की वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख मिला। लेख के मुताबिक वायरल तस्वीर में दिख रहे शख्स का नाम भी गोल्डी बरार है लेकिन यह गायक मूसेवाला की हत्या के आरोपी गोल्डी नहीं है बल्कि फाजिल्का के गोल्डी बराड़ हैं।

 

लेख में उनके द्वारा दी गयी सफाई का भी जिक्र किया है। अपने बयान में फाजिल्का के बरार ने कहा, ”मैं गोल्डी बराड़ पुत्र राजिंदर सिंह निवासी गांव जांडवाला। सिद्धू मूसेवाला की हत्या की आज की दुखद घटना में जो हुआ, उसमें सोशल मीडिया द्वारा मेरी तस्वीर का दुरुपयोग किया जा रहा है. मैं उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करूंगा.”

इसके बाद हमने फाजिल्का के गोल्डी बराड़ की सोशल मीडिया प्रोफाइल को भी खंगाला, जहां उन्होंने अपना वीडियो जारी किया था। इस दौरान हमें फेसबुक पर उनकी प्रोफाइल मिली। फेसबुक पर उनकी प्रोफाइल Goldy Brar नाम से है। उनकी इस प्रोफाइल पर उनके द्वारा जारी किये गए वीडियो को भी देखा जा सकता है। वीडियो का  लिंक यहाँ देखें।

 

पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमें पता चला कि वायरल तस्वीर में पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ दिख रहा शख्स मूसेवाला की हत्या का आरोपी गोल्डी बरार नहीं बल्कि राजिंदर सिंह के पुत्र तथा गांव जांडवाला के निवासी गोल्डी बराड़ हैं जिनका मूसेवाला की हत्या से कोई संबंध नहीं है।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button