फैक्ट चेक: बिना टिकट के ट्रेन में यात्रा करते नेता का यह वीडियो वर्तमान का नहीं, जानें पूरा सच

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वीडियो में एक व्यक्ति को एक दूसरे शख्स से बहस करते हुए देखा जा सकता है। यह बहस ट्रेन के फर्स्ट AC कोच में बिना टिकट यात्रा करने के चलते हो रही है। इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि जो शख्स बिना टिकट के यात्रा कर रहा है वह बिहार से भारतीय जनता पार्टी का नेता है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “वोट चोर के बाद रेलवे का टिकेट चोर.. देखें भाजपा पार्टी नेता की दबंगई और नंगई”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं है।
वायरल वीडियो को देखने पर हमें इसके पुराने होने की आशंका हुई, इसके लिए हमने गूगल पर बारीकी से पड़ताल की। पड़ताल के दौरान हमने सबसे पहले वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च टूल से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो One India Hindi नामक यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे अक्टूबर 20, 2023 को अपलोड किया गया था।
प्राप्त वीडियो में जानकारी दी गयी है कि बीजेपी नेता व वह अपने एक सहयोगी के साथ ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। जानकारी दी गयी है कि बीजेपी नेता अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह को ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में बिना टिकट यात्रा करते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ ने पकड़ा।
उपरोक्त प्राप्त जानकारी की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो की जानकारी आज तक की वेबसाइट पर अक्टूबर 14, 2023 को प्रकाशित एक लेख में मिली।

प्राप्त लेख में पुष्टि की गयी है कि वायरल वीडियो में बिना टिकट वाला शख्स बीजेपी से बक्सर पूर्व जिला अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह है जो अपने एक सहयोगी के साथ ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में बिना टिकट यात्रा करते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा पकड़ा गया था।
पड़ताल के दौरान उपरोक्त मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2023 के दौरान की घटना का है, जिसे हालिया दिनों में वायरल किया जा रहा है।





