फैक्ट चेक: पीएम मोदी के पुराने वीडियो को ‘वोट चोरी’ के आरोप से जोड़कर किया गया वायरल

फैक्ट चेक: पीएम मोदी के पुराने वीडियो को ‘वोट चोरी’ के आरोप से जोड़कर किया गया वायरल
सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण की एक वीडियो क्लिप तेजी से शेयर की जा रही है। वीडियो में प्रधानमंत्री जनता के सामने कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि “जब मैं छोटी चोरी करता था, तब मेरी माँ ने मुझे रोका होता तो मैं इतना बड़ा लूटेरा न बनता” इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर कर दावा किया की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बयान उस वक़्त दिया है जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी और चुनाव आयोग पर वोटों की चोरी का आरोप लगाया है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर ऐसे शेयर किया जा रहा है जैसे पीएम मोदी यह बयान इसी वोटों की कथित चोरी को लेकर दे रहे हों।
फेसबुक के वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “राजनीति में पहली बार भाजपा नेताओं को इतना सम्मान मिल रहा है!”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो पुराना है जिसे गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता जानने के लिए हमने पड़ताल की। सबसे पहले हमने गौर किया कि वीडियो में पीएम मोदी की ढाढ़ी जो अमूमन छोटी होती है वो बड़ी दिखाई दे रही है। ऐसे हमें शक हुआ कि वीडियो काफी पुराना है। इसलिए सच जानने के लिए हमने वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ाकर गूगल लेंस के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो से मेल खाता एक दूसरा वीडियो मिला, जिसे The Print नामक यूट्यूब चैनल पर अप्रैल 10, 2021 को अपलोड किया गया था।
हालांकि यहाँ वायरल वीडियो वाली क्लिप नहीं दिखाई दी लेकिन यह साफ़ हो गया कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2021 के दौरान का है।
वायरल वीडियो की सटीक जानकारी के लिए हमने गूगल पर बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो क्लिप BJP West Bengal के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। जिसे अप्रैल 10, 2021 को अपलोड किया गया था। प्राप्त वीडियो को करीब 1 घंटे तक देखने के बाद हमें वायरल वीडियो क्लिप वाला हिस्सा मिला। हमने जाना कि पीएम मोदी यहाँ पीएम मोदी सभा को संबोधित करते हुए डाकू-लुटेरे की एक कहानी सुना रहे थे। इस दौरान पीएम मोदी कहते हैं कि “जब हम छोटे थे, तब एक कथा सुनी थी। उस कथा में एक बहुत बड़ा डाकू-लुटेरा था, उसे फांसी की सजा हुई। जब उसे सजा हुई तो उससे पूछा तुम्हारी आखिरी इच्छा क्या है। उसने कहा कि वो अपनी मां से मिलना चाहता है। जब वो अपनी मां से मिला, तो उसने झपटकर अपनी मां की नाक को काट लिया। इसके बाद लोगों ने उससे पूछा, तुमने ऐसा क्यों किया। तब वह बोला कि जब मैं छोटी चोरी करता था उस दिन अगर मेरी मां ने रोका होता, तो मैं इतना बड़ा लुटेरा न बनता।”
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो क्लिप को आधा-अधूरा कर गलत सन्दर्भ में सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। वीडियो में पीएम मोदी अपनी सभा में लोगों को एक डाकू लूटेरे की कहानी सुना रहे थे।





