फैक्ट चेक: ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा बजरंग दल को लेकर दिया गया बयान हालिया दिनों का नहीं, जानें पूरा सच

फैक्ट चेक: ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा बजरंग दल को लेकर दिया गया बयान हालिया दिनों का नहीं, जानें पूरा सच
सोशल मीडिया पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो तेजी से शेयर हो रहा है। वीडियो में सिंधिया भाजपा की एक इकाई बजरंग दल को लेकर कुछ बयान बाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। अपने बयान में ज्योतिरादित्य सिंधिया कहते हैं कि ‘बजरंग दल जो राष्ट्रभक्ति के भाषण देता है, इस बजरंग दल का सदस्य इस पूरे खुफिया तंत्र का मास्टरमाइंड निकला और इसका सही मतलब है कि जो मुंह में राम कहते हैं और बगल में छुरी रखते हैं इसका सबसे बेहतरीन उदाहरण है।‘
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बयान के इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर हालिया दिनों में शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सिंधिया का अब भाजपा से मन भर गया है, मसलन वह अब भाजपा के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि, “लगता है सिंधिया जी का बीजेपी में दिन भर गया है”

फेसबुक के वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि पुराना है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर हमें इसके पुराने होने की आशंका हुई। जिसके बाद हमने अपनी पड़ताल शुरू की। सबसे पहले हमने वीडियो को ढूंढने के लिए कुछ कीवर्ड्स की सहायता से गूगल पर खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो की एक झलक न्यूज़ 24 के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक वीडियो में मिली। इस वीडियो को यूट्यूब चैनल पर मई 23, 2023 को अपलोड किया गया था।
उपरोक्त यूट्यूब वीडियो में एंकर द्वारा दी जा रही जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ज्योदिरादित्य का पुराना वीडियो साल 2023 में फिर से शेयर किया था। बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का यह वीडियो कांग्रेस ने कर्नाटक चुनाव के दौरान जारी किया जब कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में बजरंग दल पर बैन लगाने घोषणा की थी। वीडियो में आगे जानकारी दी जा रही है कि केंद्रीय मंत्री का यह वीडियो साल 2017 के दौरान का है।
इसके बाद पुष्टि के लिए हमने गूगल पर और बारीकी से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो क्लिप का पूरा वीडियो INC के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला, जिसे फरवरी 17, 2017 को अपलोड किया गया था।
वीडियो के कैप्शन में जानकारी दी गयी है कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी की प्रेस वार्ता को ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस मुख्यालय में संबोधित किया। प्राप्त वीडियो को 7 मिनट 08 सेकेंड तक देखने पर हमें वायरल वीडियो वाला हिस्सा देखने को मिला। जहां वीडियो में तत्कालीन कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश पुलिस की ATS विंग द्वारा किए गए खुलासे का जिक्र करते हुए बीजेपी और बजरंग दल पर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि साल 2017 में खुफिया जानकारी के आधार पर मध्य प्रदेश एटीएस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में 19 लोगों को गिरफ्तार किया था। सिंधिया ने आरोप लगाया कि इस जासूसी में शामिल कई लोगों के संबंध बीजेपी और बजरंग दल से थे।
पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो हालिया दिनों का नहीं बल्कि साल 2017 के दौरान का है। जब ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस के नेता हुआ करते थे।




