NM वेरिफाइडताज़ा खबरें

फैक्ट चेक: अखिलेश यादव की प्रेस वार्ता का अधूरा वीडियो हुआ वायरल, जानें पूरा सच

सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की प्रेस वार्ता का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अखिलेश यादव को यह बोलते हुए सुना जा सकता है कि गाय की और चीजों का सेवन करें। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि अखिलेश यादव ने गाय के सेवन की बात कही है।

फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “गाय का सेवन करें अखिलेश यादव इसका सर्वनाश निश्चित हैं।”  

 

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।

 

फैक्ट चेक: 

 

न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि वायरल वीडियो अधूरा है। 

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता जानने के लिए हमने पड़ताल की। पड़ताल के दौरान हमने सबसे पहले वायरल वीडियो को कुछ कीफ्रेम्स में तोड़ा और फिर गूगल लेंस के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो भारत समाचार के एक्स हैंडल द्वारा अक्टूबर 15, 2025 को सपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस का लाइव वीडियो मिला।

उपरोक्त प्राप्त वीडियो को 4:26 मिनट तक देखने पर हमने पाया कि एक पत्रकार अखिलेश से योगी सरकार की काऊ टूरिज्म योजना की संभावनाओं पर सवाल पूछता है। जिसके जवाब में अखिलेश कहते हैं, “काऊ का टूरिज्म करना है। काऊ की सेवा करें। काऊ की पूजा करें। काऊ की और चीजों (गौ उत्पादों) का सेवन करें। हमें कोई आपत्ति नहीं उससे। कम से कम उत्तर प्रदेश को सांड से तो बचाओ।”

उपरोक्त प्राप्त वीडियो से हमने जाना कि समाजवादी मुखिया अखिलेश यादव गौ उत्पादों का सेवन करने के लिए कहते हैं। इसी जानकारी की पुष्टि के लिए हमने गूगल पर एक बार फिर से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी मिला। जिसे अक्टूबर 15, 2025 को अपलोड किया गया था।

यहाँ भी हमने पाया कि समाजवादी मुखिया अखिलेश यादव ने अपनी प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश की मौजूदा योगी सरकार पर निशाना साधते हुए गौ उत्पादों के सेवन का जिक्र किया था।

पड़ताल के दौरान मिले तथ्यों से हमने जाना कि वायरल वीडियो अधूरी जानकारी व झूठे दावे  के साथ शेयर किया जा रहा है। दरअसल, 15 अक्टूबर को अखिलेश यादव से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने योगी सरकार की काऊ टूरिज्म योजना को लेकर सवाल किया था। इसी दौरान अखिलेश यादव ने “काऊ का टूरिज्म करना है। गाय की सेवा करें। गाय की पूजा करें। काऊ की और चीजों (गौ उत्पाद) का सेवन करें। हमें उससे कोई आपत्ति नहीं। कम से कम उत्तर प्रदेश को सांड से तो बचाओ।” कहा था।

Show More
Back to top button