मैनचेस्टर में इंग्लैंड ने जीता टॉस, पहले गेंदबाज़ी का फैसला

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला बुधवार, 23 जुलाई से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में खेला जा रहा है। मैच की शुरुआत से पहले इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों ही टीमें इस मुकाबले में कुछ बदलावों के साथ उतरी हैं। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत चल रही इस सीरीज में फिलहाल इंग्लैंड की टीम 2-1 से आगे है। ऐसे में भारत के लिए यह मुकाबला हर हाल में जीतना जरूरी हो गया है ताकि वह सीरीज में बराबरी कर सके।
भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल और युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन को मौका मिला है। टीम की कमान शुभमन गिल संभाल रहे हैं, जबकि विकेटकीपर की भूमिका ऋषभ पंत निभा रहे हैं। ऑलराउंड विभाग में रविंद्र जड़ेजा और वॉशिंगटन सुंदर शामिल हैं, वहीं गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और अंशुल कंबोज पर होगी।
भारत की प्लेइंग इलेवन:
यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जड़ेजा, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अंशुल कंबोज
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन:
जैक क्रॉउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रुक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), लियाम डॉसन, क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर
इस मैच में इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट के पास एक खास रिकॉर्ड बनाने का मौका है। रूट को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंचने के लिए महज 120 रन की दरकार है। यदि वे मैनचेस्टर टेस्ट में यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं, तो ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ देंगे। उस स्थिति में उनके आगे सिर्फ भारत के सचिन तेंदुलकर ही रह जाएंगे।
टेस्ट प्रेमियों की निगाहें इस हाई वोल्टेज मुकाबले पर टिकी हुई हैं, जहां भारत वापसी के इरादे से मैदान में उतरा है, जबकि इंग्लैंड सीरीज अपने नाम करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है।





