कठुआ में आतंकियों से मुठभेड़, बिलावर के काहोग गांव में सर्च ऑपरेशन के दौरान एनकाउंटर

जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में बुधवार (7 जनवरी 2026) को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, यह मुठभेड़ बिलावर के काहोग गांव के पास उस समय शुरू हुई, जब आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस ने बताया कि इलाके में 2 से 3 आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। तलाशी के दौरान जंगल वाले क्षेत्र में आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ चल रही है।
जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) भीम सेन टूटी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि कठुआ की एसओजी टीम ने कामध नाला (कमध नाला) के जंगल क्षेत्र में आतंकवादियों से संपर्क स्थापित किया है।
सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 4 बजे स्थानीय लोगों ने बिलावर थाना क्षेत्र के तहत कामध नाला इलाके में एक आतंकवादी को देखा था। आशंका जताई जा रही है कि यह वही आतंकवादी हो सकता है, जिसे इससे पहले सुबह धन्नू परोल इलाके में देखा गया था।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों को घेरने और उन्हें ढेर करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है। इलाके में सर्च ऑपरेशन और मुठभेड़ दोनों जारी हैं।





