गढ़चिरोली-नारायणपुर सीमा पर एनकाउंटर, महिला नक्सली समेत दो ढेर

महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मुठभेड़ में दो और नक्सलियों को मार गिराया गया, जबकि कार्रवाई के दौरान घायल हुए सी-60 के एक जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस अभियान में अब तक कुल तीन नक्सली मारे जा चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह ऑपरेशन एसडीपीओ भामराग के नेतृत्व में मंगलवार (03 फरवरी) को शुरू किया गया था। अभियान में सी-60 की 14 यूनिटों को शामिल किया गया। गढ़चिरोली-नारायणपुर (छत्तीसगढ़) सीमा के पास फोडेवाड़ा गांव के नजदीक माओवादी संगठन की कंपनी नंबर-10 के कैडरों की मौजूदगी की सूचना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई।
बुधवार को पुलिस ने दो नक्सली शिविरों का भी भंडाफोड़ किया। इसके बाद गुरुवार सुबह तलाशी और घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की चार अतिरिक्त सी-60 यूनिटों और क्यूएटी की एक यूनिट को तैनात किया गया।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार को एक नक्सली का शव बरामद हुआ, जिसके पास से एक एके-47 राइफल और एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर) मिली। इसके अलावा दो और नक्सलियों के शव भी बरामद किए गए हैं, जिनमें एक महिला नक्सली शामिल है। मौजूदा अभियान में मारे गए नक्सलियों की संख्या अब तीन हो गई है, हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
इस बीच मुठभेड़ में घायल सी-60 जवान दीपक चिन्ना मदावी (38) को पहले भामरागड ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। एक अन्य घायल जवान जोगा मदावी को भी एयरलिफ्ट कर भामरागड पहुंचाया गया है। पुलिस के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है और उन्हें जल्द ही गढ़चिरोली स्थानांतरित किया जाएगा।
सुरक्षा बलों का कहना है कि इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है और नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





