मेघालय में कोयला खदान हादसे में 18 की मौत, दो खदान मालिक गिरफ्तार

मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में गुरुवार को एक कथित अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में अब तक कम से कम 18 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य मजदूरों के अब भी खदान में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
मेघालय की पुलिस महानिदेशक आई नोंग्रांग ने बताया कि विस्फोट थांगस्कू इलाके में सुबह के समय हुआ। हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा, “अब तक 18 शव बरामद किए जा चुके हैं। विस्फोट के समय खदान के अंदर कितने मजदूर मौजूद थे, इसकी सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है।”
घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की तीन टीमें मेघालय भेजी गई हैं। मौके पर स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि इस दुखद घटना से वे बेहद आहत हैं। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है।
Pained by the mishap in East Jaintia Hills, Meghalaya. Condolences to those who lost their loved ones. May the injured recover at the earliest.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from PMNRF would be given to the next of kin of each deceased. The injured would be given Rs. 50,000: PM…
— PMO India (@PMOIndia) February 5, 2026
इस बीच, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार (6 फरवरी 2026) को दो खदान मालिकों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि खदान अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। फिलहाल, खदान में फंसे अन्य मजदूरों को निकालने के लिए राहत कार्य जारी है। प्रशासन का कहना है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।





