दुबई के मैदान पर भारत के जीत की गूंज, पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया

एशिया कप 2025 के छठे मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 7 विकेट से शिकस्त दी। रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस हाईवोल्टेज मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन कप्तान सलमान अली का यह दांव उल्टा पड़ गया। पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 127 रन ही बना सकी। इसके जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 131 रन बना लिए और आसानी से मैच अपने नाम कर लिया।
भारत की ओर से सूर्यकुमार यादव सबसे बड़े स्टार साबित हुए। उन्होंने 37 गेंदों पर नाबाद 47 रन की पारी खेली और टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया। उनके साथ शिवम दूबे 7 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। इससे पहले भारत की पारी की शुरुआत थोड़ी लड़खड़ाई थी। दूसरे ओवर में उपकप्तान शुभमन गिल 7 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज़ में खेलते हुए 13 गेंदों पर 31 रन जड़ दिए और मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। तिलक वर्मा ने भी 31 रन बनाए लेकिन उन्हें भी सईम अयूब ने पवेलियन भेजा। पाकिस्तान की ओर से सईम ही एकमात्र सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके।
इससे पहले पाकिस्तान की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाज़ों के सामने पूरी तरह बिखरी नजर आई। पहली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या ने सईम अयूब को आउट कर दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने मोहम्मद हारिस को सिर्फ 3 रन पर चलता किया। फखर जमां 15 गेंदों पर 17 रन ही बना सके, वहीं कप्तान सलमान अली आगा भी 12 गेंदों पर मात्र 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाज़ भी फ्लॉप रहे। हसन नवाज (5) और मोहम्मद नवाज (0) को कुलदीप यादव ने आउट किया और हैट्रिक के करीब पहुंच गए। फरहान ने सबसे ज्यादा 44 गेंदों पर 40 रन बनाए लेकिन वह भी लंबी पारी नहीं खेल सके।
पाकिस्तान की उम्मीदों को आखिर में शाहीन शाह अफरीदी ने कुछ हद तक संभाला। उन्होंने 16 गेंदों पर नाबाद 33 रन जड़कर टीम को 125 रन के पार पहुंचाया। अन्यथा पाकिस्तान का स्कोर और भी छोटा रह जाता। भारतीय स्पिनर्स ने गज़ब की गेंदबाज़ी की। अक्षर पटेल ने चार ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए, कुलदीप यादव ने चार ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए और वरुण चक्रवर्ती ने भी एक विकेट अपने नाम किया। पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज़ इस स्पिन तिकड़ी के सामने टिक नहीं सका।
इस तरह भारत ने 128 रनों के लक्ष्य को महज 15.5 ओवर में हासिल कर पाकिस्तान पर 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की और एशिया कप में अपने अभियान को और मज़बूत किया।





