नेपाल में फिर महसूस किए गए भूकंप के झटके, बागलुंग और म्याग्दी जिलों में दहशत

नेपाल एक बार फिर भूकंप के झटकों से हिल गया। शनिवार सुबह महज कुछ घंटों के अंतराल में दो बार भूकंप महसूस किया गया, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी केंद्र के अनुसार, पहला भूकंप शनिवार सुबह 3:14 बजे म्याग्दी जिले के मुरी इलाके में आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.0 मापी गई। इसके कुछ घंटे बाद सुबह 6:20 बजे बागलुंग जिले के खुखानी इलाके में 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। दोनों झटकों के कारण स्थानीय लोग दहशत में आ गए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
नेपाल भूकंप प्रवण क्षेत्र में आता है और हाल के दिनों में वहां लगातार झटके महसूस किए जा रहे हैं। बीते महीने 28 फरवरी को भी काठमांडू के पास 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसमें चार लोग घायल हुए थे। भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, उस भूकंप की गहराई 10 किलोमीटर थी, जिससे हल्का नुकसान हुआ था।
विशेषज्ञों के मुताबिक, नेपाल की भौगोलिक संरचना के कारण यहां भूकंप आना आम बात है, लेकिन बड़ी तीव्रता के झटकों को लेकर हमेशा सतर्क रहने की जरूरत होती है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर हैं।





