भूकंप के झटकों से कांप उठी अमेरिका की धरती, सुनामी की चेतावनी

अमेरिका में भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया. अलास्का में कई जगहों पर 7.3 की तीव्रता वाले इस भयानक भूकंप ने अमेरिका को हिला कर रख दिया. न्यूज एजेंसी एपी की एक रिपोर्ट के मुताबिक तेज भूकंप के झटकों के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी कर दी गई है. भूकंप आने के बाद से समुद्री इलाकों में रहने वाले मछुआरे भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं.
दरअसल बुधवार को अमेरिकी राज्य अलास्का के तट पर दोपहर 12.37 बजे तेज भूकंप आया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7.3 दर्ज की गई. भूकंप का केंद्र सैंड पॉइंट से करीब 87 किलोमीटर दक्षिण में था. भूकंप के बाद करीब 7.5 लाख लोगों पर सुनामी का भी खतरा मंडरा रहा है. इसको लेकर चेतावनी भी जारी की गई है. भूकंप की वजह से कितना नुकसान हुआ है, इसको लेकर पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है.
भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी के बीच प्रशासन ने तटीय इलाकों में रह रहे लोगों को अपने घरों को छोड़कर जाने के लिए कहा है. उनालास्का में रहने वाले करीब 4100 मुछआरों को तट खाली करने का सुझाव दिया गया है. किंग कोव में रहने वाले 870 लोगों को भी अलर्ट कर दिया गया है.
अमेरिका में पिछले दो महीनों में कई बार भूकंप आ चुका है. 16 जुलाई को टेक्सास में 1.8 की तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया था. वहीं 23 जून को डेनाली बरो, एंकरेज और अलास्का में 4 की तीव्रता का भूकंप आया था.





