एशिया कप से पहले ड्रीम 11 और बीसीसीआई का करार ख़त्म, नए स्पॉन्सर की तलाश

ऑनलाइन गेमिंग कंपनी ड्रीम11 ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ अपनी स्पॉन्सरशिप डील खत्म कर दी है। संसद में हाल ही में पारित ऑनलाइन गेमिंग (प्रमोशन और रेगुलेशन) बिल, 2025 के बाद यह फैसला लिया गया। इस नए कानून के तहत ऑनलाइन मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म्स के प्रचार और संचालन प्रतिबंधित लगाया जाएगा।
सोमवार को इस ख़बर की पुष्टि करते हुए BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, “ऑनलाइन गेमिंग बिल के बाद BCCI और ड्रीम11 अपना संबंध खत्म कर रहे हैं। हम भविष्य में भी ऐसी कंपनियों से कोई साझेदारी नहीं करेंगे।”
इस फैसले के बाद 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप के पहले BCCI पर नए स्पॉन्सर की तलाश करने का दबाव बढ़ गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ड्रीम11 और माय11सर्किल जैसी फैंटेसी प्लेटफॉर्म्स भारतीय क्रिकेट की स्पॉन्सरशिप कमाई के बड़े हिस्सेदार रहे हैं। इन्होंने टीम इंडिया और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के साथ मिलकर लगभग ₹1,000 करोड़ का योगदान किया। ड्रीम11 ने साल 2023 से 2026 तक भारतीय टीम को स्पॉन्सर करने के लिए 44 मिलियन अमेरिकी डॉलर (₹358 करोड़) का अनुबंध किया था, लेकिन अब यह साझेदारी कानून के चलते अचानक समाप्त हो गई है।
इस नए कानून के तहत ऑनलाइन मनी गेमिंग का संचालन, प्रचार या विज्ञापन करना गैरकानूनी हो जाएगा। इससे भारत के फैंटेसी स्पोर्ट्स सेक्टर को बड़ा झटका लगा है।
22 अगस्त को ड्रीम11 ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा था, “हमने हमेशा कानून का पालन करते हुए अपना व्यवसाय चलाया है। हमें विश्वास है कि प्रगतिशील रेगुलेशन बेहतर होता, लेकिन हम ऑनलाइन गेमिंग (प्रमोशन और रेगुलेशन) बिल, 2025 का सम्मान करते हैं और इसका पूरी तरह पालन करेंगे।”





