ग्रेटर नोएडा में दहेज हत्या कांड! निक्की भाटी को जिंदा जलाने के मामले में पूरा परिवार गिरफ्तार

नोएडा में दहेज की लालच में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 28 साल की निक्की भाटी को उसके पति और ससुराल वालों ने मारपीट कर जिंदा जला दिया। घटना ग्रेटर नोएडा के एक घर की है। निक्की को गंभीर जलन के साथ दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार (21 अगस्त) की शाम निक्की पर उसके पति विपिन भाटी और सास दया ने हमला किया। आरोप है कि विपिन ने निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। इस दौरान निक्की की बहन कंचन, जो उसी घर में अपने पति रोहित (विपिन का भाई) के साथ रहती है, बीच-बचाव करने आई तो उसे भी पीटा गया। कंचन ने घटना के कई वीडियो बनाए, जिनमें निक्की को बुरी तरह पीटा जा रहा है। एक वीडियो में निक्की आग में झुलसकर सीढ़ियों से नीचे उतरती दिखाई दे रही है।
निक्की की बहन कंचन का कहना है कि ससुराल वाले लगातार 36 लाख रुपये की दहेज की मांग कर रहे थे। शादी के समय उनके पिता ने महंगी गाड़ी, बाइक, नकद, सोना और गहने दिए थे, लेकिन ससुराल वाले और ज्यादा की मांग कर रहे थे। पहले पति विपिन और उसकी मां दया को गिरफ्तार किया गया था। रविवार को पुलिस जब विपिन को सबूत बरामद करने उसके घर ले गई तो उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और गोली चला दी। जवाबी फायरिंग में विपिन के पैर में गोली लगी। अब पुलिस ने निक्की के ससुर सत्यवीर और देवर रोहित को भी गिरफ्तार कर लिया है।
निक्की के पिता ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा, “उन्होंने मेरी बेटी को बेरहमी से मार डाला। ऐसे लोगों को गोली मार देनी चाहिए।” विपिन ने अस्पताल में कहा कि उसने निक्की को नहीं मारा। “हमारे बीच लड़ाई होती थी, जैसा आम पति-पत्नी के बीच होता है। मुझे कोई पछतावा नहीं है।”





