दिशा पाटनी केस का बड़ा मोड़: एक-एक लाख के इनामी नकुल और विजय गिरफ्तार

बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर के पास 12 सितंबर को हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। दोनों के पास से हथियार बरामद किए गए हैं और उन पर आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। बरेली के एडीजी ज़ोन रमित शर्मा ने दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नकुल और विजय के रूप में हुई है, जो बागपत जिले के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, इन दोनों ने 11 सितंबर की रात दिशा पाटनी के घर से थोड़ा आगे हवाई फायरिंग की थी। इस फायरिंग की जानकारी पाटनी परिवार को नहीं थी, लेकिन सुबह पड़ोसियों को मौके से कारतूस का खोखा मिला, जिसके बाद रात में धमाका सुनाई देने की चर्चा शुरू हुई।
फायरिंग की घटना के पीछे गोल्डी बरार और रोहित गोदारा गैंग का हाथ बताया जा रहा है। पहले इन दोनों नए शूटरों ने हवाई फायर किया था, जिसके बाद अगले दिन मुख्य शूटर रविंद्र और अरुण को फायरिंग का आदेश दिया गया। इन दोनों ने गैंग की दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की थी। घटना के बाद बरेली पुलिस ने जानकारी जुटाकर एसटीएफ को सौंपी, जिसके बाद गाजियाबाद में रविंद्र और अरुण पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे।
अब दिल्ली पुलिस ने नकुल और विजय को गिरफ्तार कर लिया है। बरेली पुलिस इन दोनों का बी वारंट लेने और रिमांड पर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इनाम की राशि अब दिल्ली पुलिस के खाते में जाएगी।





