खेल

धोनी का संन्यास पर बड़ा बयान – नहीं जानता ये आखिरी सीजन है या नहीं

आईपीएल 2025 में बुधवार को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उनके घरेलू मैदान पर दो विकेट से हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की। हालांकि चेन्नई की टीम प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है और अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है।

मैच के बाद टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने संन्यास को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि कौन सा आईपीएल सीजन उनका आखिरी होगा। धोनी ने कहा, “फैंस ने मुझे बहुत प्यार दिया है। यह मत भूलिए कि मैं 43 साल का हूं और लंबे समय से खेल रहा हूं। बहुत से लोग नहीं जानते कि मेरा आखिरी मैच कौन सा होगा, इसलिए वे आकर मुझे खेलते हुए देखना चाहते हैं।”

धोनी ने माना कि वह अपने करियर के अंतिम चरण में हैं, लेकिन फिलहाल संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है। उन्होंने कहा, “आईपीएल के बाद मुझे 6 से 8 महीने कड़ी मेहनत करनी होगी और देखना होगा कि मेरा शरीर इस दबाव को झेल सकता है या नहीं। अभी कुछ तय नहीं है।”

मैच को लेकर धोनी ने कहा, “यह हमारी तीसरी जीत है। अच्छा लग रहा है कि जीत की ओर लौटे हैं। सीजन में बहुत कुछ हमारे पक्ष में नहीं गया, लेकिन हम अब अगली रणनीति पर काम कर रहे हैं। हमारे पास 25 खिलाड़ी हैं और हम देख रहे हैं कि कौन सा बल्लेबाज या गेंदबाज कहां फिट बैठता है।”

धोनी ने टीम के खिलाड़ियों की मानसिक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि वे तकनीक से ज्यादा खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और खेल की समझ को देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि मैदान पर शिवम दुबे को सलाह दी कि वे केकेआर के स्पिनर्स को हावी न होने दें और मैच को आखिरी तक लेकर जाएं।

धोनी ने कहा, “मैंने दुबे से कहा कि सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती को विकेट न दो। उन्होंने सुनियोजित शॉट खेले और दो छक्कों से रन रेट नीचे लाया। यह छोटा मैदान नहीं है, इसलिए हमें रणनीति से खेलना पड़ा।”

धोनी के संन्यास को लेकर अब एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि अभी उन्होंने कोई फैसला नहीं लिया है और समय आने पर ही फैसला करेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button