दिल्ली की हवा में हल्का सुधार, AQI ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंचा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा में रविवार सुबह हल्का सुधार देखने को मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, रविवार सुबह 7 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 196 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
यह स्थिति शनिवार की तुलना में बेहतर है। शनिवार शाम 4 बजे दिल्ली का AQI 227 था, जो ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया था। हालांकि, शहर के कई इलाकों में अब भी प्रदूषण का स्तर ज्यादा बना हुआ है। मुंडका में सबसे ज्यादा AQI 266 दर्ज किया गया। इसके बाद पूसा (257), नरेला (247), रोहिणी (247), अशोक विहार (243), जहांगीरपुरी (242), वजीरपुर (239), नेहरू नगर (237), शादिपुर (236), बवाना (231), विवेक विहार (231), सिरीफोर्ट (222) और चांदनी चौक (220) में हवा की गुणवत्ता खराब रही।
वहीं, कुछ इलाकों में हवा अपेक्षाकृत बेहतर दर्ज की गई। श्री अरबिंदो मार्ग में सबसे कम AQI 126 रहा। इसके अलावा आईजीआई एयरपोर्ट (131), आया नगर (136), लोधी रोड (139), मेजर ध्यानचंद स्टेडियम (140), आईआईटी दिल्ली (141) और मंदिर मार्ग (145) में AQI मध्यम श्रेणी में रहा।
इसके बावजूद राजधानी के कई हिस्सों में अब भी हल्की धुंध (स्मॉग) की परत बनी हुई है और कुल मिलाकर हवा की गुणवत्ता पूरी तरह संतोषजनक नहीं कही जा सकती। रविवार को भी कई इलाकों में स्थिति शनिवार जैसी ही रही। आनंद विहार में AQI 260, जबकि आर.के. पुरम में 237 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। आईटीओ इलाके में सुबह के समय AQI 223 रहा और चांदनी चौक में यह 232 दर्ज किया गया।
वहीं, आया नगर (151), आईजीआई एयरपोर्ट टी-3 (138) और पूसा (157) में AQI मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया।
AQI के मानकों के अनुसार,
0 से 50 – अच्छा,
51 से 100 – संतोषजनक,
101 से 200 – मध्यम,
201 से 300 – खराब,
301 से 400 – बहुत खराब,
401 से 500 – गंभीर श्रेणी मानी जाती है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही, दिन के दौरान हल्की धुंध छाए रहने का अनुमान जताया गया है।





