दिल्ली: रोहिणी में CRPF स्कूल के पास हुआ तेज धमाका, टूटे आसपास के घरों के शीशे, जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
दिल्ली: रोहिणी में CRPF स्कूल के पास हुआ तेज धमाका, टूटे आसपास के घरों के शीशे, जांच में जुटी दिल्ली पुलिस
देश की राजधानी दिल्ली के रोहिणी में आज सुबह प्रशांत विहार इलाके में CRPF स्कूल के बाहर धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आस पड़ोस के घरों के शीशे टूट गए। इस धमाके के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना सुबह 7:47 पर पुलिस को मिली। एक PCR कॉल के जरिए पता चला कि CRPF स्कूल के पास एक तेज धमाका हुआ है। जिसके बाद पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची है।
#WATCH दिल्ली: रोहिणी के प्रशांत विहार इलाके में CRPF स्कूल के बाहर सुबह-सुबह धमाका हुआ। पुलिस और FSL की टीम मौके पर मौजूद है। pic.twitter.com/LbhMM3glIy
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 20, 2024
रोहिणी के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि धमाके की असल वजह का पता लगाने के लिए एक्सपर्ट्स को बुलाया गया है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाका किस प्रकार का था और इसका स्रोत क्या है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ टीम घटना की विस्तृत जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी.
दिल्ली पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया है। एफएसएल की टीम जांच कर यह पता लगाएगी कि यह किसी हमले का हिस्सा था या फिर कोई दुर्घटना। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की कई टीमें भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और मामले की जांच में जुटी हुई हैं. एंटी टेरर यूनिट के साथ मिलकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
एक चश्मदीद ने बताया, ब्लास्ट के बाद 200 -250 मीटर तक आसपास सिर्फ धुआं ही धुआं नजर आ रहा था। बदबू बहुत आ रही थी। गाड़ियों के शीशे और दुकानों के नेम प्लेट तक टूट गए थे। काफी दूर तक ब्लास्ट की आवाज सुनाई दी थी।





