दिल्ली को मिली नई मुख्यमंत्री, रेखा गुप्ता संभालेंगी दिल्ली की कमान

दिल्ली को 27 साल बाद पहली बार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का मुख्यमंत्री मिला है. बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई गई। उनके साथ प्रवेश वर्मा उप-मुख्यमंत्री पद संभालेंगे, जबकि विजेंद्र गुप्ता दिल्ली विधानसभा के नए स्पीकर होंगे.
#WATCH | As she is set to become the CM of Delhi, Rekha Gupta says, ” …I thank BJP, and I am grateful for the blessings of all of you” pic.twitter.com/LP6JkrePnd
— ANI (@ANI) February 19, 2025
रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य बुधवार को रामलीला मैदान में आयोजित एक बड़े समारोह में दोपहर 12:30 बजे शपथ लेंगे। पार्टी आलाकमान ने विधायक दल की बैठक के लिए वरिष्ठ नेता ओपी धनखड़ और रविशंकर प्रसाद को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।
दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित हुए थे, जिसमें बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल की। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान में 11 दिन की देरी हुई, जिस पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने लगातार सवाल उठाए थे।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे प्रवेश वर्मा का नाम चल रहा था। वर्मा ने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराया था। वह पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। लेकिन अंततः पार्टी ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की कमान सौंपने का फैसला किया।
रेखा गुप्ता शालीमार बाग से बीजेपी विधायक हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। चुनाव में उन्हें 68,200 वोट मिले, जबकि बंदना कुमारी को 38,605 वोट और कांग्रेस के प्रवीण जैन को मात्र 4,892 वोट मिले।
हरियाणा के जींद से ताल्लुक रखने वाली रेखा गुप्ता बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं, हालांकि 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।





