घने कोहरे की चपेट में दिल्ली: 300 से अधिक फ्लाइट्स प्रभावित, रेल सेवाएं भी बाधित

नई दिल्ली, 31 दिसंबर 2025: साल 2025 के आखिरी दिन बुधवार को राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चपेट में आ गई. कम विजिबिलिटी के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा.
148 फ्लाइट्स रद्द, 200 में देरी
सुबह से ही बेहद कम विजिबिलिटी के चलते कुल 300 से अधिक फ्लाइट्स पर असर पड़ा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार 148 उड़ानें रद्द की गईं, जिनमें 78 आगमन और 70 प्रस्थान शामिल हैं. इसके अलावा करीब 200 उड़ानें देरी से संचालित हुईं और 2 फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा.
CAT III प्रोटोकॉल के तहत संचालन
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट ने बताया कि घने कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन CAT III प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है, जिससे देरी या रद्दीकरण की संभावना बनी हुई है. इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है.
एयरपोर्ट की ओर से कहा गया, “हमारी ग्राउंड टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों की मदद कर रही हैं. ताजा जानकारी के लिए यात्री अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें. असुविधा के लिए हमें खेद है.”
एयरलाइंस ने यात्रियों से एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का ताजा स्टेटस जांचने की अपील की है.
रेल सेवाएं भी प्रभावित
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी देखने को मिला. कई रूटों पर ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे राजधानी के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और इंतजार बढ़ गया. खराब विजिबिलिटी के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही.
वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में
कोहरे के साथ-साथ दिल्ली की वायु गुणवत्ता में भी कोई सुधार नहीं दिखा. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के Sameer ऐप के अनुसार, बुधवार सुबह 6:05 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 383 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में है और ‘गंभीर’ स्तर के करीब पहुंच चुका है.
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले फ्लाइट और ट्रेन की स्थिति की जांच करें और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा की प्लानिंग करें, ताकि कोहरे के कारण होने वाली असुविधा से बचा जा सके.





