बारिश से बेहाल दिल्ली: कई इलाकों में पानी-पानी, ट्रैफिक जाम से लोग परेशान

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर से भारी बारिश ने लोगों की परेशानियाँ बढ़ा दी हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों और वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़कों पर लंबी कतारों में गाड़ियाँ फंसी हुई हैं और दोपहिया वाहन पानी में आधे डूबे हुए हैं। कई इलाकों में पानी घुटनों तक भर गया है जिससे ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 31 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा और तापमान अधिकतम 30-32°C और न्यूनतम 23-25°C के बीच रह सकता है। साथ ही यह तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री कम रहेगा। बारिश की यह ताज़ा लहर एक दिन पहले दिल्ली के कई हिस्सों में हुई तेज़ बारिश के बाद आई है, जिससे कई क्षेत्रों में पानी भर गया और लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कनॉट प्लेस सहित कई व्यस्त क्षेत्रों से जलभराव की खबरें सामने आई हैं।
IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 5 अगस्त तक हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के संकेत मिलते ही सुरक्षित जगह पर चले जाएं, खिड़की और दरवाजे बंद रखें, बाहर निकलने से बचें। पेड़ों के नीचे खड़े न हों, गीली दीवारों या फर्श पर न लेटें, बिजली के उपकरणों को बंद कर दें, पानी से भरे इलाकों से दूर रहें और बिजली का करंट पकड़ने वाली चीज़ों से बचें।





