भारत

दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी, घरेलू उड़ानों में देरी की आशंका

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) ने बुधवार (3 दिसंबर) को एक नया नोटिस जारी कर यात्रियों को चेतावनी दी है कि घरेलू उड़ानों में देरी या अचानक शेड्यूल बदलने की स्थिति पैदा हो सकती है। एयरपोर्ट ने कहा कि ऑपरेशनल समस्याओं के कारण यह स्थिति बनी है और उनकी ऑन-ग्राउंड टीम सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर हालात को संभालने में जुटी हुई है। यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी उड़ान की ताजा जानकारी सीधे एयरलाइन से लेकर ही यात्रा करें।

यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब एक दिन पहले ही एयर इंडिया की चेक-इन सिस्टम में बड़ी तकनीकी खराबी हुई थी। 2 दिसंबर को थर्ड-पार्टी सिस्टम में खराबी आने के बाद कई हवाई अड्डों पर चेक-इन काउंटर्स धीमे पड़ गए, जिससे कई उड़ानों में देरी हुई। एयर इंडिया ने यात्रियों से अपील की थी कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें।

मंगलवार देर रात एयर इंडिया ने बताया कि गड़बड़ी ठीक कर दी गई है। एयरलाइन ने एक्स (X) पर पोस्ट किया— “थर्ड-पार्टी सिस्टम पूरी तरह बहाल हो गया है और सभी हवाई अड्डों पर चेक-इन सामान्य रूप से चल रहा है। सभी उड़ानें तय समय पर संचालित हो रही हैं। यात्रियों के सहयोग के लिए धन्यवाद।”


हालांकि, एयरलाइन ने यह भी कहा कि सिस्टम के धीरे-धीरे बहाल होने के दौरान कुछ उड़ानों में देरी की संभावना बनी रह सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई थी कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें।

दिल्ली एयरपोर्ट पर यह दूसरी बड़ी तकनीकी समस्या है। पिछले महीने ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम में खराबी के कारण 400 से ज्यादा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई थीं। यह सिस्टम एयर ट्रैफिक ऑपरेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं का आदान-प्रदान करता है। सिस्टम फेल होने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को मैनुअली फ्लाइट प्लान बनाने पड़े, जिससे पूरे नेटवर्क की गति धीमी पड़ गई।

इस गड़बड़ी का असर एयर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट जैसी प्रमुख एयरलाइंस पर पड़ा और टर्मिनलों पर लंबी कतारें लग गईं। उस समय नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने आपात बैठक कर हालात की समीक्षा की थी और आवश्यक निर्देश जारी किए थे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button