‘कल्कि 2898 एडी 2’ से अचानक गायब हुईं दीपिका! मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी

अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, जो हाल ही में एटली और अल्लू अर्जुन की आगामी फिल्म A22 x A6 को लेकर सुर्खियों में थीं, अब एक और बड़ी फिल्म से बाहर हो गई हैं। नाग अश्विन निर्देशित ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल में दीपिका अब नजर नहीं आएंगी। इस खबर की पुष्टि खुद फिल्म के प्रोडक्शन हाउस वैजयंती मूवीज ने की है।
वैजयंती मूवीज ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X (पूर्व में ट्विटर) पर एक आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि दीपिका अब सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। बयान में लिखा गया: “यह आधिकारिक तौर पर घोषणा की जाती है कि दीपिका पादुकोण ‘कल्कि 2898 एडी’ के आगामी सीक्वल का हिस्सा नहीं होंगी। लंबे विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है। इस तरह की फिल्म में पूर्ण प्रतिबद्धता की आवश्यकता होती है, जो हम इस साझेदारी में नहीं देख पाए। हम दीपिका को उनके भविष्य के प्रोजेक्ट्स के लिए शुभकामनाएं देते हैं।”
This is to officially announce that @deepikapadukone will not be a part of the upcoming sequel of #Kalki2898AD.
After careful consideration, We have decided to part ways. Despite the long journey of making the first film, we were unable to find a partnership.
And a film like…
— Vyjayanthi Movies (@VyjayanthiFilms) September 18, 2025
दीपिका पादुकोण ने फिल्म के पहले भाग में सुमति नामक एक गर्भवती महिला का किरदार निभाया था, जिसके गर्भ में भविष्य के ‘कल्कि अवतार’ को दिखाया गया था। 2024 में रिलीज हुई इस फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया था। अब उनके सीक्वल से बाहर होने की खबर ने फैंस को हैरानी में डाल दिया है।
प्रभास, अमिताभ बच्चन और कमल हासन जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ बनी इस मेगा बजट फिल्म के सीक्वल को लेकर दर्शकों में उत्साह बना हुआ है। हालांकि दीपिका के बाहर होने के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि उनकी जगह किस अभिनेत्री को फिल्म में लिया जाएगा। फिलहाल मेकर्स ने किसी नए नाम की घोषणा नहीं की है।
गौरतलब है कि दीपिका इससे पहले निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ से भी अलग हो चुकी हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, काम के घंटे और फीस को लेकर मतभेद के चलते उन्होंने यह फिल्म छोड़ी थी। इस फिल्म में भी प्रभास मुख्य भूमिका में हैं। दीपिका की जगह अब अभिनेत्री तृप्ति डिमरी को ‘स्पिरिट’ में कास्ट किया गया है, जो संदीप रेड्डी वांगा की पिछली फिल्म ‘एनिमल’ में भी नजर आई थीं।
दीपिका पादुकोण वर्तमान में निर्देशक एटली और अभिनेता अल्लू अर्जुन की फिल्म A22 x A6 से जुड़ी हैं, जिसकी शूटिंग हाल ही में शुरू हुई है। बेटी के जन्म के बाद दीपिका इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी करेंगी। इससे पहले वो रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में नजर आई थीं।





