चंद्रपुर में मौत का तांडव! ट्रक-ऑटो की टक्कर में 6 की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के राजुरा तहसील में शुक्रवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। यह दुर्घटना राजुरा-गढ़चंदूर रोड पर कपनगांव के पास शाम करीब 4 बजे हुई, जब एक ट्रक और ऑटो रिक्शा आमने-सामने टकरा गए।
पुलिस के अनुसार, सात यात्रियों को लेकर ऑटो रिक्शा राजुरा से पचगांव जा रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया।
मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। उनकी पहचान वर्षा मांडले (41), तनु पिंपलकर (18), ताराबाई पपुलवार (60), रवींद्र बोबड़े (48), शंकर पिपेरे (50) और ऑटो चालक प्रकाश मेश्राम (50) के रूप में हुई है। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, लेकिन चालक फरार है। उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।





