ताज़ा खबरेंमौसम

चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का खतरा बढ़ा: आज आंध्र तट से टकराने की संभावना, हाई अलर्ट पर तटीय राज्य

आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान मोंथा’ का खतरा तेजी से बढ़ गया है, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तूफान आज मंगलवार (28 अक्टूबर) को काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच टकरा सकता है, बीते छह घंटों में यह लगभग 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है,

तटीय इलाकों में अलर्ट

IMD ने बताया कि आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में 90 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, फिलहाल चक्रवात चेन्नई से 420 किमी, विशाखापत्तनम से 500 किमी, और काकीनाडा से 450 किमी की दूरी पर है, राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं जारी हैं और पूरा तटीय क्षेत्र हाई अलर्ट पर है,

पीएम मोदी ने नायडू से की बात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बात की है, उन्होंने राज्य को केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है,
नायडू ने सचिवालय स्थित रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी सेंटर से हालात की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है,

कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

IMD के महानिदेशक डॉ. एम. महापात्रा ने बताया कि चक्रवात का सबसे ज्यादा असर आंध्र प्रदेश पर पड़ेगा, इसके बाद ओडिशा और छत्तीसगढ़ प्रभावित होंगे,
28 से 30 अक्टूबर के बीच इन तीनों राज्यों के अलावा तमिलनाडु में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है,

स्कूल-कॉलेज बंद

भारी बारिश के चलते तमिलनाडु के कई जिलों में मंगलवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं, चेंगलपट्टू और कडलूर में लगातार बारिश और निचले इलाकों में जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए हैं,

राहत और बचाव कार्य जारी

सरकार ने संभावित आपदा से निपटने के लिए NDRF की 22 टीमें तैनात की हैं, ये टीमें आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और छत्तीसगढ़ में काम कर रही हैं,
समुद्र में ऊंची लहरों और तेज हवाओं की चेतावनी को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है,

उड़ानें और ट्रेनें रद्द

इंडिगो एयरलाइंस ने आंध्र प्रदेश में खराब मौसम को देखते हुए विजाग, विजयवाड़ा और राजमुंदरी के यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है, कई उड़ानें प्रभावित या रद्द की गई हैं,
वहीं, दक्षिण मध्य रेलवे और पूर्वी तट रेलवे ने भी यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 27 से 29 अक्टूबर के बीच कई ट्रेनों को रद्द किया है,

स्थिति पर नजर

राज्य प्रशासन ने कहा है कि सभी जिलों में कंट्रोल रूम सक्रिय हैं और बिजली, जल निकासी और राहत शिविरों की व्यवस्था की जा रही है, मौसम विभाग लगातार चक्रवात की दिशा और तीव्रता पर नजर बनाए हुए है,

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button