अरुणाचल घुसपैठ पर विवाद: रिजिजू ने अखिलेश यादव के बयान को बताया गलत

संसद में मंगलवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने साफ किया कि चीन ने 1962 के युद्ध के बाद से अब तक अरुणाचल प्रदेश में भारत की एक इंच भी जमीन पर कब्जा नहीं किया है। यह बयान उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव की टिप्पणी का जवाब देते हुए दिया। दरअसल, लोकसभा में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर चर्चा के दौरान अखिलेश यादव ने कहा था कि चीन ने अरुणाचल प्रदेश में घुसपैठ की है और कुछ इलाकों पर कब्जा कर लिया है।
किरेन रिजिजू ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा, “रिकॉर्ड पर चीज़ों को साफ करना ज़रूरी है। 1962 के युद्ध के बाद से आज तक चीन ने अरुणाचल की एक इंच भी ज़मीन पर कब्जा नहीं किया है। जो क्षेत्र आज चीन के कब्जे में है, वह या तो युद्ध से पहले या उसी के दौरान भारत से अलग हुआ था।”
उन्होंने आगे कहा, “जब अखिलेश यादव ने कहा कि चीन ने अरुणाचल में घुसपैठ की है, तो मुझे यह स्पष्ट करना जरूरी लगा। 1962 के बाद से सीमा की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।”
रिजिजू ने यह भी कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लोग पूरी तरह से भारत के साथ हैं और सीमा पर हमारी सेना पूरी तरह सतर्क है।




