भारत

गठबंधन के खिलाफ चुनाव लड़ना पड़ा भारी, BJP ने चार नेताओं को 6 साल के लिए किया निष्कासित

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अनुशासनहीनता के मामले में बड़ा कदम उठाते हुए पार्टी से बगावत करने वाले चार नेताओं को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई उन नेताओं के खिलाफ की गई है, जिन्होंने एनडीए गठबंधन के आधिकारिक उम्मीदवारों को नज़रअंदाज़ करते हुए खुद चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिया था।

पार्टी ने जिन नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया है, उनमें बहादुरगंज से चुनाव लड़ रहे वरुण सिंह, गोपालगंज से अनूप कुमार श्रीवास्तव, कहलगांव से मौजूदा विधायक पवन यादव और बड़हरा से प्रत्याशी सूर्य भान सिंह शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी नेता पार्टी के बार-बार समझाने और निर्देश जारी करने के बावजूद गठबंधन उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव लड़ने पर अड़े हुए थे।

बीजेपी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि पार्टी या गठबंधन के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ना स्पष्ट रूप से “पार्टी विरोधी गतिविधि” की श्रेणी में आता है। इसी अनुशासनहीनता के चलते इन चारों नेताओं को तुरंत प्रभाव से पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

राजनीतिक गलियारों में इस कदम को बीजेपी का सख्त संदेश माना जा रहा है कि चुनाव के समय पार्टी लाइन से हटने वालों के लिए कोई राहत नहीं होगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button