पुरी जगन्नाथ मंदिर में प्रवेश को लेकर हेमा मालिनी के खिलाफ शिकायत दर्ज

पुरी (ओडिशा): बॉलीवुड अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में शिकायत दर्ज की गई है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब हाल ही में वे ओडिशा के प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचीं।
स्थानीय संगठन श्री जगन्नाथ सेना ने सिंहद्वार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि हेमा मालिनी ने मंदिर में प्रवेश कर धार्मिक नियमों का उल्लंघन किया। संगठन का दावा है कि उनकी शादी अभिनेता धर्मेंद्र से मुस्लिम रीति-रिवाजों से हुई थी, जिससे उनका मंदिर में प्रवेश प्रतिबंधित होना चाहिए था।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो में हेमा मालिनी को मंदिर परिसर में दर्शन करते हुए देखा जा सकता है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए हेमा मालिनी ने कहा कि वे मथुरा से पुरी होली खेलने आई थीं और मंदिर में दर्शन करने का सौभाग्य मिला।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मंदिर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।





