‘Son Of Sardar2’ में कॉमेडी का तूफान, ट्रेलर में दिखा मस्ती, प्यार और पंग

अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ का ट्रेलर बुधवार को रिलीज कर दिया गया है। मेकर्स ने इस ट्रेलर को ‘दूजा ट्रेलर’ नाम दिया है, जिसमें कहानी की झलक और भी मजेदार अंदाज़ में दिखाई गई है। ट्रेलर की शुरुआत होती है जस्सी (अजय देवगन) की पत्नी (नीरू बाजवा) के डिवोर्स की मांग से। इसके बाद जस्सी की ज़िंदगी में एक के बाद एक उलझने आती जाती हैं। वो चार महिलाओं के चक्कर में फंस जाता है, जिनमें से एक को दीपक डोबरियाल ने मजेदार अंदाज़ में एक पाकिस्तानी महिला के रूप में निभाया है।
जब जस्सी की ज़िंदगी थोड़ी सी सामान्य होती दिखती है और मृणाल ठाकुर के किरदार से उसका रिश्ता आगे बढ़ता है, तभी वह एक और मुसीबत में फंस जाता है। इस बार उसका पाला पड़ता है रवि किशन के किरदार वाले माफिया परिवार से। ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक शक्स भले ही गिरे, लेकिन हर बार उठता है और मुकाबला करता है। यानी फिल्म में हंसी-ठिठोली के साथ-साथ हिम्मत और जज्बे की भी झलक देखने को मिलेगी।
पहले आए ट्रेलर में जहां सिर्फ कॉमिक सिचुएशन्स की शुरुआत दिखाई गई थी, वहीं दूजे ट्रेलर में कहानी को थोड़ा और विस्तार दिया गया है, जिससे फिल्म के रोमांच और मस्ती का अंदाज़ा और बेहतर तरीके से लग पा रहा है। फिल्म का निर्देशन विजय कुमार अरोड़ा ने किया है और इसमें अजय देवगन के अलावा रवि किशन, संजय मिश्रा, मृणाल ठाकुर, नीरू बाजवा और दीपक डोबरियाल जैसे कलाकार हैं।
पहले यह फिल्म 25 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी नई रिलीज डेट 1 अगस्त रखी गई है। ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं भी आने लगीं। किसी ने लिखा – “ये ट्रेलर कुछ मजेदार लग रहा है,” तो किसी ने कहा – “मैं तो पूरी फैमिली के साथ देखने जाऊंगा।”
अब देखना होगा कि अजय देवगन की ये कॉमिक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल मचाती है।





