उत्तर भारत में ठंड का कहर, माइनस में पहुंचा तापमान

उत्तर भारत ठंड की चपेट में है और कई राज्यों में तापमान में गिरावट आ रही है. दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में कोहरे की हल्की परत छाई रही. सोमवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुच गया.
राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों को ठंड से निपटने के लिए अलाव जलाते देखा गया, जबकि अन्य लोगों ने दिल्ली में तापमान में गिरावट जारी रहने के कारण रात्रि आश्रय घरों में शरण ली.
राजस्थान में ठंड का मौसम बरकरार है, जिससे तापमान गिरने से दैनिक जीवन पर काफी असर पड़ रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बीकानेर में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जम्मू कश्मीर में शीत लगर का असर लोगों के दैनिक जीवन पर पड़ रहा है और कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है. मंगलवार सुबह 5:30 बजे श्रीनगर में तापमान -5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दर्ज किए गए अन्य तापमानों में गुलमर्ग में -0.6 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में -6.8 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में -0.8 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में -4.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
कश्मीर घाटी में शीतलहर जारी है. डल झील की सतह जमी हुई दिखी, तापमान -6 डिग्री सेल्सियस है.
#WATCH जम्मू-कश्मीर: कश्मीर घाटी में शीतलहर जारी है। डल झील की सतह जमी हुई दिखी, तापमान -6 डिग्री सेल्सियस है। pic.twitter.com/ogNp8B9Mq1
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 24, 2024





