क्रिस्टोफर लक्सन की भारत यात्रा: राष्ट्रपति मुर्मू और विदेश मंत्री जयशंकर से करेंगे मुलाकात

न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन 16 मार्च, रविवार से अपना पांच दिवसीय भारत दौरा शुरू करेंगे। वह रविवार दोपहर नई दिल्ली पहुंचेंगे और 20 मार्च तक भारत में रहेंगे। यह न्यूज़ीलैंड के किसी प्रधानमंत्री की भारत यात्रा नौ साल बाद हो रही है। इससे पहले 2016 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जॉन की ने भारत का दौरा किया था।
नई दिल्ली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री लक्सन सबसे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में बैठक करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को लेकर समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके अलावा, लक्सन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा से भी मुलाकात करेंगे।
19 मार्च को न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री मुंबई पहुंचेंगे, जहां वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन से मुलाकात करेंगे। लक्सन की यह यात्रा भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





