टैरिफ युद्ध के बीच चीन का कड़ा संदेश: “हम न डरते हैं, न पीछे हटते हैं”

अमेरिका और चीन के बीच तेज़ होते टैरिफ युद्ध के बीच चीन ने सख्त रुख अपनाते हुए अमेरिका को करारा जवाब दिया है। चीनी विदेश मंत्रालय ने एक ऐतिहासिक वीडियो साझा करते हुए स्पष्ट संकेत दिया कि चीन किसी भी उकसावे से डरने वाला नहीं है और न ही दबाव में आने वाला है।
विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने सोशल मीडिया पर चीन के पूर्व नेता माओ जेदोंग का एक पुराना वीडियो साझा किया है, जो वर्ष 1953 में अमेरिका-चीन युद्ध के समय का है। इस वीडियो में माओ जेदोंग कहते हैं, “ये लड़ाई कितनी लंबी चलेगी, यह हम तय नहीं कर सकते। अगर अमेरिका इसे जारी रखना चाहता है, तो हम भी पीछे नहीं हटेंगे। जब तक हमारी जीत नहीं होती, तब तक हम लड़ते रहेंगे।”
वीडियो के साथ माओ निंग ने लिखा, “हम चीनी हैं और हम उकसावे से डरने वाले नहीं हैं, न ही पीछे हटने वाले।” इस बयान को अमेरिका के खिलाफ एक सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब अमेरिका और चीन के बीच टैरिफ को लेकर तनाव चरम पर है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाकर 125 प्रतिशत कर दिया है, जिसके जवाब में चीन ने भी 10 अप्रैल से अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ 34 प्रतिशत से बढ़ाकर 84 प्रतिशत कर दिया है।
चीन ने अमेरिका के इस कदम को ‘उकसावे वाली कार्रवाई’ बताया है और साफ कहा है कि वह इस टैरिफ युद्ध में झुकने वाला नहीं है। दोनों देशों के बीच यह आर्थिक टकराव वैश्विक बाजारों के लिए भी चिंता का विषय बनता जा रहा है।





