बाल शोषण से जुड़ा मामला फिर खुला, मस्क की कंपनी X अदालत के घेरे में

अमेरिका की 9वीं सर्किट अपीलीय अदालत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के खिलाफ बाल यौन शोषण से जुड़ी एक गंभीर लापरवाही के मामले में मुकदमा शुरू करने की अनुमति दे दी है। अदालत ने कहा कि भले ही X को आमतौर पर ऑनलाइन सामग्री को लेकर व्यापक कानूनी छूट (Section 230) प्राप्त है, लेकिन अश्लील वीडियो की जानकारी होने के बावजूद उसे हटाने में देरी करना लापरवाही के दायरे में आता है।
यह मामला 2022 से पहले का है, जब एलन मस्क ने ट्विटर का अधिग्रहण नहीं किया था। आरोप है कि दो नाबालिग लड़कों की अश्लील तस्वीरों वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया था। आरोपियों ने खुद को एक किशोरी बताकर स्नैपचैट के जरिए बच्चों को बहकाया और फिर उनकी निजी तस्वीरों के आधार पर उन्हें ब्लैकमेल किया। बाद में इन तस्वीरों को एक वीडियो के रूप में सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, X को इस आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी होने के बावजूद उसे हटाने में नौ दिन का समय लग गया। इस दौरान वह वीडियो करीब 1.67 लाख बार देखा गया। अदालत ने इसे गंभीर लापरवाही माना है और कहा कि ऐसे मामलों में प्लेटफॉर्म की जिम्मेदारी बनती है कि वह तुरंत कार्रवाई करे।
इससे पहले दिसंबर 2023 में एक ट्रायल जज ने यह मामला खारिज कर दिया था, लेकिन अब अपीलीय अदालत के फैसले के बाद कंपनी को कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ेगा।





