साल 2025 में लागू हो रहे बदलाव, UPI की लिमिट डबल; कार खरीदना हुआ महंगा

नया साल दुनिया भर के लिए नई ऊर्जा और खुशियां लाया है लेकिन साथ ही इस नए साल में होने वाले कुछ बदलाव आम लोगों को प्रभावित करने वाले हैं, क्योंकि साल 2025 में कई नियमों में बदलाव होने जा रहा है. साल 2025 किसानों के लिए अच्छी खबर लाया है तो वहीं कार कंपनियों के वाहन महंगे होने जा रहे है. इसी के साथ फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े नियमों में भी परिवर्तन होने जा रहा है.
तो चलिये वक्त जाया ना करते हुए बताते है कि आखिर किन नियमों में होने जा रहा है बदलाव
2 लाख तक बिना गारंटी का लोन पाएंगे किसान

साल 2025 किसानों के लिए खुशखबरी लेकर आया है. किसान अब 2 लाख तक का लोन बिना किसी गारंटी के ले सकते हैं. पहले इसकी लिमिट 1.6 लाख थी. इसको लेकर सभी बैंकों को नई गाइडलाइंस लागू करने और किसानों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं. हालांकि, RBI ने इसको लेकर ब्याज दर में कोई परिवर्तन नहीं किया है.
जीएसटी नियम में बदलाव

एक जनवरी से जीएसटी से जुड़े कई नियमों में बदलाव होने जा रहा है. इसमें मल्टी फैक्टर आथेंटिकेशन (एमएफए) भी शामिल है. यह प्रक्रिया उन सभी पर लागू होगी जो जीएसटी फाइल करते हैं. इसका उद्देश्य जीएसटी फाइलिंग प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाना है.
कार खरीदना होगा महंगा

नए साल में अब कार खरीदना और भी महंगा होने वाला है क्योंकि कार बनाने वाली अधिकतर कंपनियों ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह नए साल में अपने कारों का दाम बढ़ाएगी. मारूति सुजुकी, हुंडई इंडिया, टाटा मोटर्स, महिंद्रा से लेकर किया मोटर्स ने पहले ही कह दिया था कि वह अपने कारों के दाम में 1 से 4 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करने जा रही है. इसके अलावा लक्जरी कार बनाने वाली कंपनी बीएमडब्ल्यू, ऑडी, मर्सडीज आदि ने भी अपने कारों के दामों को बढ़ाने का ऐलान किया है.
UPI 123Pay की लिमिट बढ़ी

नए साल में RBI ने ऑनलाइन पेमेंट करने वाले यूजर्स को नई सौगात दी है. अब 1 जनवरी से अगर आप यूपीआई पेमेंट के लिए UPI 123Pay फीचर का इस्तेमाल करते हैं, तो अब आप 10 हजार रुपए तक की रकम का ऑनलाइन पेमेंट कर पाएंगे.
EPFO में होंगे बदलाव

इस साल EPFO ATM कार्ड लॉन्च करने वाला है. इसकी मदद से आप अपने EPFO का पैसा कभी भी ATM से निकाल सकते हैं. साथ ही PF खाताधारकों की कंट्रीब्यूशन लिमिट में बदलाव हो सकता है.
रसोई गैस की कीमत

हर महीने की पहली तारीख को रसोई गैस (LPG) की कीमतों को रिवाइज्ड किया जाता है. ऐसे में देखना होगा कि तेल कंपनियां 1 जनवरी, 2025 को LPG की कीमतों में कोई बदलाव करती हैं या नहीं.





