चंदन मिश्रा हत्या मामला: पुलिस ने किया एनकाउंटर

बिहार के पटना में पारस अस्पताल के अंदर चंदन मिश्रा की हत्या करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने अपने चंगुल में फंसाने की तैयारी कर ली है. मंगलवार को भोजपुर में गैंगस्टर चंदन मिश्रा हत्याकांड में बिहिया इलाके में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और अपराधियों में मुठभेड़ हुई जिसमें दो अपराधियों को गोली लगी है और तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है.
बिहार पुलिस ने जानकारी देते हुए कहा, भोजपुर में आज सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में बलवंत कुमार सिंह और रवि रंजन कुमार सिंह नाम के दो अपराधी घायल हो गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. अभिषेक कुमार नाम के तीसरे अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है. ये दोनों अन्य अपराधियों के साथ 17 जुलाई को पारस अस्पताल में हुई हत्या की घटना में शामिल थे. इनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है.
पुलिस ने बताया कि अपराधियों के पास से 2 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 3 मैग्जीन और 4 कारतूस मिले हैं. बिहिया-कटेया रास्ते पर नदी के करीब मंगलवार की सुबह लगभग पौने छह बजे मुठभेड़ हुई है. घायल अपराधियों में बलवंत कुमार (22 साल) और रविरंजन सिंह (20 साल) शामिल हैं. इधर, सोमवार को कोर्ट ने आरोपी तौसीफ के एक दिन की पुलिस रिमांड को मंजूरी दे दी है, वहीं अन्य तीन आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए हैं.
17 जुलाई को शास्त्री नगर थाना अंतर्गत पारस हॉस्पिटल में इलाजरत चंदन कुमार मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. हत्याकांड के जांच क्रम में सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के आधार पर घटना में संलिप्त अभियुक्तों की पहचान करते हुए तकनीकी विश्लेषण एवं सूचना संकलन के आधार पर कोलकाता पुलिस एवं कोलकाता एसटीएफ के सहयोग से चार अभियुक्तों को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया.





