“मैं कहीं नहीं जा रहा… अफवाह ना फैलाएं”: रिटायरमेंट पर बोले कप्तान रोहित शर्मा

भारतीय टीम ने रोहित शर्मा की अगुवाही में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस फाइनल मुकाबले में कप्तान रोहित ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और जीत में अहम भूमिका भी निभाई. भारत ने 3 ट्रॉफी के साथ सबसे ज्यादा बार चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली टीम बन गई है.
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने यह ट्रॉफी जीती और इस के साथ रोहित शर्मा ने अपने आलोचकों का मुंह तो बंद किया ही साथ ही उन्होंने प्रेसवार्ता के दौरान उनके रिटायरमेंट पर चल रही अफवाहों को भी खारिज करते हुए बताया कि वह कहीं नहीं जा रहे हैं. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, “मुझे टीम पर गर्व है… स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं (वनडे प्रारूप से) संन्यास नहीं ले रहा हूं. कृपया कोई अफवाह न फैलाएं…”
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने जीत के बाद प्रेसवार्ता में कहा, “मैं इस ट्रॉफी को पूरे देश को समर्पित करना चाहूँगा. यह देश के लिए है. हम जानते हैं कि हम जहाँ भी खेलते हैं, हमें बहुत अच्छा समर्थन मिलता है. हम जब भी खेलते हैं, इसे जीतना चाहते हैं. हमने इसे देश के लिए जीता है…न्यूजीलैंड एक बहुत ही स्थिर टीम है. पिछले एक दशक से उनके पास बहुत ही सुसंगत टीम है. यह बहुत ही क्लिनिकल टीम है. वे जानते हैं कि दबाव वाले खेलों में कैसे खेलना है. उन्हें हराने पर बहुत गर्व है…”
रोहित ने इस मैच में 76 रनों की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. रोहित ने अपनी पारी के बारे में बात करते हुए कहा कि टीम की जरूरत के हिसाब से उन्होंने अपने खेल को बदला और आक्रामक अंदाज अपनाया जो उनका नेचुरल अंदाज नहीं हैं. मैं इस तरह की बल्लेबाजी करना चाहता था. जब आप कुछ अलग करते हो तो आपको टीम मैनेजमेंट का समर्थन चाहिए होता है. मैंने पहले राहुल भाई (राहुल द्रविड़ भारत के पूर्व कोच) और फिर गौती भाई से बात की. मैं बीते कुछ सालों से अलग स्टाइल में खेल रहा हूं. हमें अब रिजल्ट मिल रहे हैं.





