कैलिफोर्निया: 29 वर्षीय भारतीय मूल के युवक वरुण सुरेश पर यौन अपराधी की चाकू से हत्या का आरोप

अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक 29 वर्षीय भारतीय मूल के युवक को एक 71 वर्षीय यौन अपराधी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीड़ित को राज्य की सार्वजनिक यौन अपराधी रजिस्ट्री (Megan’s Law वेबसाइट) के जरिए पहचान कर उस पर हमला किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वरुण सुरेश को पिछले हफ्ते फ्रेमोंट शहर से गिरफ्तार किया गया। उसने कथित तौर पर 71 वर्षीय डेविड ब्रिमर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। ब्रिमर पहले बच्चों के साथ यौन दुर्व्यवहार के मामले में दोषी पाए गए थे और 9 साल जेल की सजा काट चुके थे।
घटना 18 सितंबर को करीब दोपहर 11:57 बजे हुई। पुलिस को एक हिंसक हमले की सूचना मिली। जब अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो ब्रिमर को कई चाकू के घावों के साथ पाया गया और आरोपी वरुण को वहीं चाकू सहित पकड़ा गया। जांच के दौरान सुरेश ने पुलिस को बताया कि उसने जानबूझकर यौन अपराधियों को निशाना बनाने का प्लान बनाया था। उसने कहा, “सभी यौन अपराधियों को मर जाना चाहिए।” उसने यह भी जोड़ा कि यह हमला “वास्तव में मज़ेदार” था।
पुलिस के अनुसार, सुरेश के मोबाइल फोन से Megan’s Law वेबसाइट के कई स्क्रीनशॉट मिले, जिनमें पीड़ित ब्रिमर की प्रोफाइल भी शामिल थी। ये स्क्रीनशॉट हमले से करीब एक घंटे पहले लिए गए थे। कोर्ट में पेश दस्तावेज़ों के अनुसार, सुरेश ने खुद को चार्टर्ड अकाउंटेंट (CPA) बताकर इलाके के लोगों के घरों पर दस्तक दी और इस बहाने ब्रिमर तक पहुंचा। जब ब्रिमर ने दरवाज़ा खोला, तो सुरेश ने हाथ मिलाया और कहा: “मुझे पता था, मैं सही जगह आया हूँ।”
इसके बाद वह घर के अंदर घुस गया और ब्रिमर से पूछा कि क्या वो भगवान में विश्वास करता है, और कहा कि वह अपने “आखिरी शब्द बोल ले”। फिर दोनों के बीच दो ब्लॉक लंबी भागदौड़ हुई, जो एक पड़ोसी के किचन में जाकर खत्म हुई, जहां आरोपी ने ब्रिमर की गला काटकर हत्या कर दी।
फ्रेमोंट पुलिस ने बताया कि वरुण सुरेश के खिलाफ हत्या, गंभीर शारीरिक नुकसान पहुंचाने और आवासीय सेंधमारी (residential burglary) की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद सुरेश ने पुलिस से कहा, “उम्मीद है कि चूंकि पीड़ित एक बाल यौन अपराधी था… और सभी लोग ऐसे लोगों से नफरत करते हैं… तो शायद यह ठीक ही माना जाएगा।” उसने यह भी कहा कि अगर वो पकड़ा नहीं जाता तो खुद पुलिस के पास जाकर सरेंडर कर देता।





