बिहार में नीतीश सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, बीजेपी के सात विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

पटना: बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने मंत्रिमंडल का विस्तार किया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सात विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। यह विस्तार आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी के लिए एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम माना जा रहा है, जिससे पार्टी की सरकार में भूमिका और अधिक मजबूत हो गई है।
शपथ ग्रहण समारोह में कृष्ण कुमार मंटू, विजय मंडल, राजू सिंह, संजय सारावगी, जीवेश मिश्रा, सुनील कुमार और मोतीलाल प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली। इन सभी को बीजेपी कोटे से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
दरभंगा नगर सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए संजय सारावगी को इस विस्तार में मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। उनके मंत्री बनने से दरभंगा और आसपास के इलाकों में खुशी का माहौल है। संजय सारावगी की राजनीतिक यात्रा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू हुई थी। 2003 में वे वार्ड पार्षद बने और 2005 से लगातार विधायक हैं।
सीमांचल के सिकटी विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक विजय कुमार मंडल को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। उन्हें मंत्री बनाए जाने को सीमांचल में अति पिछड़ा वर्ग के वोट बैंक को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। विजय मंडल पहले भी 2000 में राजद सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं और उनका राजनीतिक सफर बिहार पीपुल्स पार्टी, राजद, लोजपा, जदयू और बीजेपी तक फैला हुआ है।





