भारत को मिला नया उपराष्ट्रपति, सी.पी. राधाकृष्णन बने देश के 15वें उपराष्ट्रपति

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार और महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन मंगलवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति चुने गए। 67 वर्षीय राधाकृष्णन को कुल 452 वोट मिले, जबकि विपक्षी INDIA गठबंधन के उम्मीदवार और पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस बी. सुधर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले।
राधाकृष्णन तमिलनाडु से उपराष्ट्रपति बनने वाले तीसरे नेता हैं। वे जगदीप धनखड़ की जगह लेंगे, जिन्होंने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक हुआ। मतदान में लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों ने हिस्सा लिया। इस चुनाव में कुल 13 सांसदों ने मतदान से दूरी बनाई। इनमें 7 सांसद बीजू जनता दल के, 4 भारत राष्ट्र समिति के, एक शिरोमणि अकाली दल के और एक निर्दलीय सांसद शामिल थे।
सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वोट डाला। उनके बाद गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू समेत कई बड़े नेता वोट डालने पहुंचे। वहीं, विपक्ष की तरफ से राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने भी वोट डाले। उपराष्ट्रपति बनने के साथ ही राधाकृष्णन राज्यसभा के पदेन सभापति (Chairperson) भी बन जाएंगे।





