
राजधानी दिल्ली में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. BJP ने अपनी पहली लिस्ट में कुल 29 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है. प्रवेश वर्मा नई दिल्ली विधानसभा सीट से AAP के अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे, करोल बाग से दुष्यंत गौतम, राजौरी गार्डन से मनजिंदर सिंह सिरसा, बिजवासन से कैलाश गहलोत, गांधी नगर से अरविंदर सिंह लवली चुनाव लड़ेंगे.

बीजेपी ने अपनी इस लिस्ट में उन नेताओं का भी ध्यान रखा है, जो दूसरे दलों से भाजपा में शामिल हुए हैं. बता दें कि नई दिल्ली विधानसभा सीट से AAP के अरविंद केजरीवाल के खिलाफ BJP ने प्रवेश वर्मा को मौका दिया है. गौरतलब है कि पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को बीते लोकसभा चुनाव में पार्टी ने टिकट नहीं दिया था. वह दिल्ली के पूर्व सीएम और भाजपा के दिग्गज नेता साहेब सिंह वर्मा के बेटे हैं. पिछले दिनों उन पर अपने आवास पर महिलाओं को पैसे बांटने का आरोप लगे थे.
दिल्ली में इस बार चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है. कांग्रेस पार्टी पूरे दमखम से लड़ रही है. वहीं भाजपा भी बेहद आक्रामक है. आप की सरकार जनता का भरोसा एक बार फिर हासिल करने के लिए रोज नई-नई योजनाओं की घोषणा कर रही है. शनिवार को ही आम आदमी के नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में पानी के बिल माफ करने की घोषणा की है. आप और कांग्रेस पहले ही अपने-अपने उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं.
नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और सभी शीर्ष नेतृत्व का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं. मैं आशा करता हूं जो पार्टी ने मुझ पर विश्वास किया है उनकी उम्मीदों पर खड़ा उतरूंगा… जब दिल्ली कोविड का सामना कर रही थी, जब उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत थी, अरविंद केजरीवाल जी ‘हर बोतल पर मुफ्त बोतल’ बांट रहे थे… दिल्ली में कई काम हैं, जैसे यमुना की सफाई, प्रदूषण पर लगाम लगाना…जब भाजपा की सरकार बनेगी, हम ये सारे काम करेंगे…”





