ताज़ा खबरेंभारत

Bihar Election: 170 करोड़ बनाम 1,000 रुपये, बिहार चुनाव में कौन हैं सबसे अमीर उम्मीदवार

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में इस बार कई धनकुबेर उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर चुके हैं. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और बिहार इलेक्शन वॉच की ताज़ा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि इस चरण में सबसे अधिक संपत्ति वाले उम्मीदवार कुमार प्रणय हैं, जिनकी कुल घोषित संपत्ति करीब 170 करोड़ रुपये है. वे मुंगेर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, पहले चरण में मैदान में उतरे 1303 उम्मीदवारों में से 423 (32%) पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 354 (27%) ने अपने हलफनामों में गंभीर आपराधिक मामलों का उल्लेख किया है. इसके अलावा 33 उम्मीदवारों पर हत्या से संबंधित मामले दर्ज हैं.

बिहार इलेक्शन वॉच/ADR ने बताया कि पहले चरण में 121 सीटों पर चुनाव होना है, जिनमें से 91 निर्वाचन क्षेत्र (लगभग 75%) को संवेदनशील घोषित किया गया है. अध्ययन में कुल 1314 उम्मीदवारों में से 1303 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण किया गया है.

करोड़पतियों का दबदबा

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि इस चरण में करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या भी काफी अधिक है. 1303 में से 519 उम्मीदवार (करीब 40%) करोड़पति हैं. औसतन प्रत्येक प्रत्याशी की घोषित संपत्ति 3.26 करोड़ रुपये आंकी गई है.

सबसे अमीर और गरीब उम्मीदवार

  • मुंगेर से भाजपा के कुमार प्रणय 170 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ सबसे अमीर प्रत्याशी हैं.
  • उनके बाद महाराजगंज सीट से निर्दलीय उम्मीदवार राज किशोर गुप्ता 137 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं.
  • वहीं मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू प्रत्याशी अनंत कुमार सिंह 100 करोड़ से अधिक संपत्ति के साथ तीसरे सबसे धनी उम्मीदवार हैं.

दूसरी ओर, इस चुनाव में कुछ उम्मीदवार ऐसे भी हैं जिन्होंने बेहद कम संपत्ति घोषित की है.

  • दरभंगा सीट से SUCI(C) के उम्मीदवार मोजाहिद आलम और बाढ़ (Barh) से पीपल पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) के शत्रुघ्न वर्मा ने केवल 1,000 रुपये की संपत्ति घोषित की है.
  • मुजफ्फरपुर जिले की मीनापुर सीट से SUCI(C) उम्मीदवार शिव कुमार यादव ने 2,000 रुपये की संपत्ति घोषित की है.

इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण में जहां करोड़पतियों की भरमार है, वहीं कुछ उम्मीदवार ऐसे भी हैं जो बेहद सीमित संसाधनों के साथ लोकतंत्र की इस जंग में उतर रहे हैं.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More
Back to top button