बिहार के सीएम नीतीश का बड़ा ऐलान, रसोइयों-अनुदेशकों का वेतन दोगुना बढ़ाया

बिहार चुनाव नजदीक हैं और ऐसे में बिहार के सीएम नीतीश कुमार चुनाव के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं और ऐलानों की झड़ी लगा रहे हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने आज एक और बड़ा ऐलान कर दिया है. बिहार में रसोइये, नाइट गार्ड, शारीरिक शिक्षक और स्वास्थ्य अनुदेशक का मानदेय दोगुना किया है. रसोइयों को अब 1650 की जगह 3300 मानदेय मिलेगा. नाइट गार्ड को 5 हजार की जगह 10 हजार रुपये मिलेंगे. शारीरिक शिक्षक और स्वास्थ्य अनुदेशक को 8 हजार की जगह 16 हजार रुपए मिलेंगे.
सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से ही हमलोग शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम कर रहे हैं. वर्ष 2005 में शिक्षा का कुल बजट 4366 करोड़ रूपए था जो अब बढ़कर 77690 करोड़ रूपए हो गया है. बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति, नए विद्यालय भवनों के निर्माण एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है.
शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में रसोइयों, रात्रि प्रहरियों तथा शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसे ध्यान में रखते हुए हमलोगों ने इन कर्मियों की मानदेय राशि में सम्मानजनक वृद्धि करते हुए इसे दोगुना करने का निर्णय लिया है.
शिक्षा विभाग के अंतर्गत मध्याह्न भोजन में कार्यरत रसोइयों के मानदेय में दोगुनी वृद्धि करते हुए 1650 रूपए से 3300 रूपए करने का निर्णय लिया गया है. वहीं माध्यमिक/उच्च शिक्षा विद्यालय में कार्यरत रात्रि प्रहरी का मानदेय 5000 रूपए से दोगुना करते हुए इसे अब 10000 रूपए करने का निर्णय लिया गया है. साथ ही शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशकों का मानदेय 8 हजार रूपए से दोगुना करते हुए अब 16 हजार रूपए करने का निर्णय लिया गया है. साथ ही इनकी वार्षिक वेतन वृद्धि 200 रूपए के स्थान पर 400 रूपए करने का निर्णय लिया गया है. इससे कार्यरत कर्मियों के मनोबल में वृद्धि होगी और वे अधिक उत्साह एवं लगन से अपने कार्यों का निष्पादन करेंगे.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





