मणिपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी, 9 गिरफ्तार

मणिपुर में स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाकर नौ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सात प्रतिबंधित संगठनों के सक्रिय उग्रवादी शामिल हैं। पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त कार्रवाई इम्फाल ईस्ट, काकचिंग, कांगपोकपी और तेंगनौपाल जिलों में की गई, जहां से हथियार और विस्फोटक भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, इम्फाल ईस्ट के नुगाइपोकपी मानिंग लाइकाई इलाके से कांगलेपाक कम्युनिस्ट पार्टी का एक सक्रिय सदस्य पकड़ा गया, जो वसूली में शामिल था। काकचिंग जिले के वाबागई लमखाई से इसी संगठन की दो महिलाओं समेत तीन उग्रवादियों को हिरासत में लिया गया। इम्फाल ईस्ट के पांगलटाबी माखा से एक और सक्रिय कैडर गिरफ्तार हुआ, जबकि कांगपोकपी के केथेलमांबी वेंगपी से दो वसूली करने वालों को पकड़ा गया।
तेंगनौपाल जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पिलर नंबर 85 के पास पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के दो सक्रिय कैडर गिरफ्तार किए गए। वहीं, चर्चंदपुर जिले के डांपी रिज इलाके में तलाशी के दौरान छह सिंगल बैरल राइफल, पांच आईईडी और तीन लॉन्ग-रेंज मोर्टार बरामद हुए।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। इम्फाल और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सेना, असम राइफल्स, सीआरपीएफ और राज्य पुलिस के जवानों की तैनाती बढ़ा दी गई है। केइसामपट और मोइरांगखोम जैसे अहम चौराहों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। राजधानी समेत सभी जिलों में 15 अगस्त के कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर हैं, जहां मार्चपास्ट की रिहर्सल चल रही है।
सीआरपीएफ ने सुरक्षा के मद्देनजर राज्य के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर मोबाइल चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। बुधवार को 443 वाहनों की जांच और 722 लोगों की तलाशी ली गई। इस बीच, कई प्रतिबंधित संगठनों ने 15 अगस्त को आम हड़ताल का आह्वान किया है, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।





