मणिपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, चार उग्रवादी गिरफ्तार – हथियार और विस्फोटक भी बरामद

मणिपुर में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। इंफाल पूर्व और पश्चिम जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को इंफाल पश्चिम जिले के कांगला पट इलाके से यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी ऑफ कांगलीपाक (UPPK) संगठन का एक सक्रिय कैडर युमनाम प्रेम मैतेई (23) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, शुक्रवार को इसी जिले के पोलो ग्राउंड पार्किंग क्षेत्र से केसीपी (पीडब्ल्यूजी) संगठन से जुड़े एक उग्रवादी ननाओह (43) को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, ननाओह घाटी क्षेत्र की दुकानों से जबरन वसूली में शामिल था और कथित ‘कंगारू कोर्ट’ के जरिए महिलाओं के खिलाफ अपराधों में धमकी और मध्यस्थता जैसे मामलों में संलिप्त था।
वहीं इंफाल पूर्व जिले के सेइजांग अवांग लेइकाई से प्रतिबंधित संगठन पीआरईपीएके का एक और सक्रिय कैडर गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा, नापेट गांव से पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के एक उग्रवादी को भी गिरफ्तार किया गया।
सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि इसी दिन चुराचांदपुर जिले के लामजांग गांव में छापेमारी के दौरान सुरक्षाबलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। इनमें एक .303 राइफल, एक देसी .32 पिस्तौल, एक देसी सिंगल बैरल राइफल, दो इम्प्रोवाइज्ड मोर्टार, एक इम्प्रोवाइज्ड रॉकेट बम, तीन इम्प्रोवाइज्ड हैंड ग्रेनेड, कई कारतूस और अन्य संदिग्ध सामग्री शामिल हैं।
पुलिस और सुरक्षा बलों का कहना है कि राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उग्रवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।





