बेंगलुरु भगदड़ मामला: RCB, इवेंट कंपनी और KSCA के खिलाफ FIR दर्ज, कोर्ट ने मांगी रिपोर्ट
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार को हुई भगदड़ की घटना में 11 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) फ्रेंचाइजी, इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) की प्रशासनिक समिति के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। यह मामला क्रिमिनल नेग्लिजेंस यानी आपराधिक लापरवाही के तहत दर्ज किया गया है। यह एफआईआर क्यूब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।
इस घटना को लेकर कर्नाटक हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से 10 जून तक स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश वी. कामेश्वर राव और न्यायमूर्ति सी.एम. जोशी की खंडपीठ ने मामले को जनहित याचिका के रूप में दर्ज करने का आदेश कोर्ट रजिस्ट्री को दिया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने 11 मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। टीम ने बयान जारी कर कहा कि इस हादसे से RCB परिवार को गहरा दुख पहुंचा है।
बयान में कहा गया, “बेंगलुरु में बुधवार को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने RCB परिवार को बेहद पीड़ा पहुंचाई है। मृतकों के परिजनों के लिए एकजुटता और सम्मान के रूप में ₹10 लाख की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा ‘RCB केयर्स’ नाम से एक राहत फंड भी बनाया जा रहा है, जो हादसे में घायल हुए 47 लोगों की मदद करेगा।”
यह हादसा उस समय हुआ जब RCB की आईपीएल 2025 की जीत का जश्न मनाने के लिए बेंगलुरु में विक्ट्री परेड आयोजित की गई थी। स्टेडियम के बाहर लाखों की भीड़ जमा हो गई थी, और भीड़ नियंत्रण में भारी चूक के चलते भगदड़ मच गई। कई लोग दीवारों और वाहनों पर चढ़ते नजर आए। पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के बाद स्थिति और बिगड़ गई, जिससे 11 लोगों की मौत हो गई और 47 से अधिक घायल हो गए।
अब इस मामले में प्रशासनिक लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, और अदालत व जनता दोनों इस हादसे को लेकर न्यायिक जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।





