ताज़ा खबरेंभारत

कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स में BAPS मंदिर में तोड़फोड़, हिंदू समुदाय में आक्रोश

कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स में स्थित बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण (BAPS) मंदिर में अज्ञात हमलावरों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना ने अमेरिका में हिंदू मंदिरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

BAPS पब्लिक अफेयर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की जानकारी देते हुए लिखा, “एक और मंदिर अपवित्र किया गया। इस बार यह घटना कैलिफोर्निया के चीनो हिल्स में हुई है। हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ मजबूती से खड़ा है और हम कभी नफरत को पनपने नहीं देंगे।” संगठन ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से हिंदू समुदाय को डराया नहीं जा सकता और समाज में शांति और करुणा बनाए रखने के लिए सभी को एकजुट होना होगा।

भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को जारी एक बयान में इसे ‘घृणित कृत्य’ करार देते हुए स्थानीय प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पूजा स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

उत्तरी अमेरिका में हिंदू धर्म के लिए काम करने वाले संगठन कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) ने भी इस हमले की निंदा की और गहन जांच की मांग की है। संगठन ने X पर पोस्ट कर कहा, “क्या अब भी मीडिया और शिक्षाविद कहेंगे कि हिंदुओं के प्रति कोई नफरत नहीं है? यह घटना तब हुई जब लॉस एंजिलिस में तथाकथित ‘खालिस्तान जनमत संग्रह’ का दिन नजदीक आ रहा है।”

अमेरिका में हिंदू मंदिरों को निशाना बनाए जाने की यह पहली घटना नहीं है। सितंबर 2024 में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में BAPS मंदिर की दीवारों पर भड़काऊ नारे लिखे गए थे। इससे पहले न्यूयॉर्क के मेलविले में भी BAPS श्री स्वामीनारायण मंदिर पर हमले की घटना हुई थी, जहां नफरत भरे संदेश लिखे गए थे।

हिंदू संगठनों ने अमेरिकी प्रशासन से अपील की है कि वह मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button